
यूपी डेस्क: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद को शुक्रवार को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. अब इस जनाजे को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अतीक की फरार पत्नी और अबान की मां शाइस्ता परवीन बेटे के आखिरी सफर में शामिल होने पहुंचेगी या नहीं. प्रशासन इस पूरे मामले को लेकर सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है.
बेटे के आखिरी सफर में मां के पहुंचने पर सस्पेंस
अतीक अहमद के परिवार पर बीते कुछ वर्षों में कई बड़े हादसे हुए हैं. पहले अतीक अहमद की हत्या हुई, इसके बाद उसके बड़े बेटे असद अहमद की झांसी में पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई और अब छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में जान चली गई.
अबान की मौत के बाद एक बार फिर शाइस्ता परवीन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. सवाल उठ रहा है कि क्या वह अपने बेटे को आखिरी बार देखने के लिए सामने आएगी. हालांकि अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से शाइस्ता के जनाजे में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
तीन साल से फरार है शाइस्ता परवीन
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन वर्ष 2023 से फरार चल रही है. पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. ऐसे में यह भी साफ नहीं है कि वह इस समय कहां मौजूद है.
इससे पहले जब अतीक के बड़े बेटे असद अहमद की मौत हुई थी, तब भी यही सवाल उठा था कि क्या शाइस्ता बेटे के जनाजे में शामिल होगी. हालांकि उस समय भी वह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई थी. कुछ चर्चाएं जरूर थीं कि वह चोरी-छिपे जनाजे में पहुंची थी, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी.
अबान की मौत के बाद फिर उठे सवाल
अब छोटे बेटे अबान की मौत के बाद एक बार फिर शाइस्ता परवीन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. गुरुवार को प्रयागराज से झांसी जाते समय हुए सड़क हादसे में अबान और उसके एक साथी की मौत हो गई थी.
अबान के अंतिम संस्कार की तैयारियां प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में पूरी की जा रही हैं. कब्र खोदने का काम भी पूरा कर लिया गया है.
जनाजे को लेकर प्रशासन अलर्ट
अतीक अहमद के बेटे के जनाजे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है. अधिकारी इस बात की जानकारी जुटा रहे हैं कि जनाजे में कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं.
सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने और कानून व्यवस्था कायम रहे. इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा शाइस्ता परवीन की संभावित मौजूदगी को लेकर हो रही है.
Navyug Samachar