Thursday , 10 September 2026

UP: इमरान मसूद का वंदे मातरम पर बड़ा बयान, बोले- सम्मान में खड़ा रहूंगा लेकिन गाऊंगा नहीं; भाजपा पर साधा निशाना

यूपी डेस्क: वंदे मातरम को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपना रुख स्पष्ट किया है। दिल्ली में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रीय गीत का सम्मान करते हैं और इसके बजने के दौरान सम्मानपूर्वक खड़े रहेंगे, लेकिन अपनी धार्मिक मान्यताओं के कारण इसे नहीं गाएंगे।

इमरान मसूद ने कहा कि उनके मजहब में अल्लाह के अलावा किसी अन्य की वंदना या इबादत करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकार का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी नागरिक से उसकी धार्मिक आस्था के अनुरूप जीवन जीने का अधिकार नहीं छीना जा सकता।

कहा- वंदे मातरम का अपमान या विरोध नहीं

कांग्रेस सांसद ने स्पष्ट किया कि वंदे मातरम नहीं गाने का उनका फैसला राष्ट्रीय गीत के अपमान या उसके विरोध के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह इसका सम्मान करते हैं और बजने के दौरान खड़े रहेंगे।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की धार्मिक मान्यता और उसकी देशभक्ति को एक ही कसौटी पर नहीं परखा जा सकता। उनके मुताबिक वह देश और संविधान का सम्मान करते हैं तथा अपनी देशभक्ति साबित करने के लिए किसी राजनीतिक दल से प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है।

भाजपा पर संवेदनशील मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप

इमरान मसूद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत जैसे संवेदनशील विषयों का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के तौर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति को किसी व्यक्ति की धार्मिक मान्यताओं के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए।

ब्राह्मण संगठन ने जताया विरोध

इमरान मसूद के बयान पर अखिल भारतीय ब्राह्मण संगठन के मुख्य संयोजक विजय शर्मा ने विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनेता झूठी प्रसिद्धि पाने के लिए इस तरह की बयानबाजी करते हैं।

विजय शर्मा ने कहा कि वोट के समय ऐसे नेता सबसे पहले देवी-देवताओं के मंदिरों में जाते हैं, तिलक लगवाते हैं और प्रसाद चढ़ाते हैं, लेकिन लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए इस तरह के बयान देते हैं।

 

Check Also

CM विजय का बड़ा ऐलान, स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़कर 25 लाख, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी खुलेंगे

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े …