
नेशनल डेस्क: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है और इसके असर से कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 13 जुलाई को उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन तथा निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक सोमवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।
पूर्वी और मध्य भारत में भी रहेगा मानसून का असर
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में अनेक स्थानों पर बारिश का अनुमान जताया गया है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में भी छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश का अनुमान लगाया गया है। तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में उमस भरा मौसम बना रह सकता है।
पश्चिम बंगाल में 14 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 14 जुलाई तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जबकि कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है। इसके अलावा मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्धमान, बांकुड़ा, बीरभूम, नदिया और पश्चिम बर्धमान में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोलकाता, हावड़ा, हुगली तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना में भी तेज बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में भूस्खलन से बढ़ीं मुश्किलें
उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी बारिश के बाद भूस्खलन के कारण 126 सड़कें बंद हो गई हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। देहरादून में भारी बारिश के चलते एक निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई। वहीं प्रेमनगर क्षेत्र का अस्थायी पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। यमुनोत्री राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन के बाद मार्ग खोलने का काम लगातार जारी है।
राजस्थान में अगले एक सप्ताह कमजोर रहेगा मानसून
राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि एक कमजोर मौसम प्रणाली के प्रभाव से 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
Navyug Samachar