
ऑटो डेस्क: अगर आपकी कार पहले के मुकाबले कम माइलेज देने लगी है, तो इसकी वजह सिर्फ इंजन की खराबी ही नहीं हो सकती। कई बार रोजमर्रा की छोटी-छोटी लापरवाहियां भी ईंधन की खपत बढ़ा देती हैं, जिससे माइलेज पर सीधा असर पड़ता है। सही ड्राइविंग आदतें और समय पर रखरखाव अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।
अचानक तेज रफ्तार पकड़ना पड़ सकता है भारी
कार चलाते समय बार-बार तेज एक्सेलरेशन या अचानक स्पीड बढ़ाने से इंजन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे ईंधन की खपत बढ़ जाती है और वाहन का माइलेज कम होने लगता है। बेहतर माइलेज के लिए वाहन को संतुलित और तय गति सीमा के भीतर चलाना फायदेमंद माना जाता है।
गलत गियर में ड्राइविंग से बढ़ती है ईंधन की खपत
सही स्पीड के अनुसार सही गियर का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। लंबे समय तक गलत गियर में गाड़ी चलाने से इंजन पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इससे न केवल माइलेज प्रभावित होती है, बल्कि इंजन की कार्यक्षमता पर भी असर पड़ सकता है।
गंदा एयर फिल्टर भी बन सकता है वजह
इंजन तक पर्याप्त और साफ हवा पहुंचाने में एयर फिल्टर की अहम भूमिका होती है। यदि एयर फिल्टर गंदा हो जाए, तो इंजन को सही मात्रा में हवा नहीं मिल पाती। इसका असर सीधे ईंधन की खपत और कार के माइलेज पर पड़ता है। इसलिए समय-समय पर एयर फिल्टर की जांच और जरूरत पड़ने पर उसे बदलना जरूरी है।
समय पर सर्विस कराना है सबसे जरूरी
कार की नियमित सर्विसिंग बेहतर माइलेज बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। समय पर सर्विस कराने से इंजन, फिल्टर और अन्य जरूरी पुर्जों की स्थिति की जांच हो जाती है, जिससे संभावित खराबी का समय रहते पता चल जाता है। यदि संभव हो तो कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर पर ही सर्विस कराएं, अन्यथा किसी भरोसेमंद गैराज का चयन करें।
Navyug Samachar