Thursday , 10 September 2026

‘एक कॉफी पर घंटों बैठना पड़ेगा महंगा!’ बेंगलुरु कैफे का नया नियम वायरल, अब देना होगा 99 रुपये प्रति घंटे का चार्ज

ट्रेंडिंग डेस्क: अगर आप भी किसी कैफे में एक कप कॉफी ऑर्डर कर घंटों लैपटॉप पर काम करते हैं, तो बेंगलुरु के एक कैफे का नया नियम आपको चौंका सकता है। वर्क फ्रॉम कैफे के बढ़ते चलन के बीच शहर के इंदिरानगर स्थित एक कैफे ने लंबे समय तक टेबल घेरकर बैठने वाले ग्राहकों के लिए 99 रुपये प्रति घंटे का वर्कस्पेस चार्ज लागू किया है। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।

कैफे ने लगाया 99 रुपये प्रति घंटे का वर्कस्पेस चार्ज

यह मामला तब चर्चा में आया जब टेक फाउंडर कार्तिक सुरोजू ने लिंक्डइन पर कैफे के बाहर लगे बोर्ड की तस्वीर साझा की। बोर्ड पर ‘वर्कस्पेस रेंटल: 99 रुपये प्रति घंटा’ लिखा था। अपनी पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि जब वह कैफे पहुंचे तो वहां लगभग पूरा कैफे खाली था। उनका कहना था कि इस तरह का शुल्क ग्राहकों को आकर्षित करने के बजाय दूर कर सकता है।

सोशल मीडिया पर बंटी राय

कैफे के इस फैसले पर सोशल मीडिया यूजर्स दो हिस्सों में बंटे नजर आए। कुछ लोगों ने कैफे के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि एक कप कॉफी लेकर कई घंटों तक टेबल घेरकर बैठना कारोबार के लिए नुकसानदायक है। इससे दूसरे ग्राहकों को बैठने की जगह नहीं मिल पाती।

वहीं, कुछ यूजर्स का कहना है कि कई ग्राहक लंबे समय तक बैठने के दौरान कई बार ऑर्डर भी करते हैं। ऐसे में कुछ लोगों की वजह से सभी ग्राहकों पर अतिरिक्त शुल्क लगाना उचित नहीं माना जा सकता।

भारत में बढ़ रहा ‘टाइम कैफे’ का चलन

यह पहला मामला नहीं है, जब किसी कैफे ने समय के हिसाब से शुल्क लेने का मॉडल अपनाया हो। देश के कई शहरों में ‘टाइम कैफे’ या ‘एंट्री कैफे’ की अवधारणा तेजी से लोकप्रिय हो रही है। ऐसे कैफे में ग्राहक खाने-पीने की बजाय वहां बिताए गए समय के आधार पर भुगतान करते हैं और कई जगह चाय, कॉफी तथा वाई-फाई जैसी सुविधाएं शुल्क में शामिल होती हैं।

कुछ लोगों का मानना है कि अतिरिक्त शुल्क लगाने के बजाय कैफे ‘लैपटॉप फ्री जोन’ या ‘स्क्रीन फ्री आवर्स’ जैसे विकल्प अपनाकर भी इस समस्या का समाधान कर सकते हैं।

 

Check Also

गाड़ी में दोस्त को बंद कर शेरों के बीच उतर गया गाइड, जानवरों ने भी कराया ‘हेलो’, वीडियो देख दंग रह गए लोग

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क: दक्षिण अफ्रीका के एक लायन सफारी पार्क का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी …