
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल को गुंडाराज का दौर बताते हुए आरोप लगाया कि उस समय अपराधी खुलेआम असलहे लहराते हुए घूमते थे। राजभर के मुताबिक, प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थी और सरकार पर माफियाओं का प्रभाव था।
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा शासन के दौरान उत्तर प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ के तौर पर बन गई थी। उन्होंने नौकरी देने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सपा के लोग भर्ती के नाम पर अपनी तिजोरियां भरते थे। उनके अनुसार, अयोग्य लोगों को नौकरियां मिल जाती थीं, जबकि योग्य अभ्यर्थी इंतजार करते रह जाते थे।
अखिलेश यादव को सैफई से आगे कुछ नहीं दिखता: राजभर
नोएडा के विकास और वहां के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने से जुड़े अखिलेश यादव के वादों पर भी ओपी राजभर ने निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि अखिलेश यादव को गाजीपुर, बनारस और गोरखपुर समेत पूर्वांचल के दूसरे जिलों के विकास की चिंता क्यों नहीं दिखाई देती और उनका ध्यान सिर्फ नोएडा पर क्यों है।
राजभर ने कहा कि नोएडा पहले से ही विकसित है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने सिर्फ सैफई के विकास पर ध्यान दिया और प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों की अनदेखी की। राजभर ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सैफई तक ही सिमटकर रह जाएगी।
Navyug Samachar