Friday , 27 November 2026

बिहार से दिल्ली का सफर होगा आसान! 13 जिलों से शुरू हुई नियमित बस सेवा, जानें सीटर-स्लीपर का पूरा किराया

पटना: बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य के 13 जिलों से देश की राजधानी के लिए नियमित बस सेवा शुरू कर दी गई है। इन बसों का संचालन 18 अंतरराज्यीय मार्गों पर होगा। शुक्रवार को नई दिल्ली के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी), कश्मीरी गेट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से बसों को हरी झंडी दिखाई।

बस सेवा शुरू करने से पहले बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार और दिल्ली की परिवहन सचिव निहारिका राय ने बस परिचालन के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

149 बसें खरीदी गईं, पीपीपी मॉडल पर भी चलेंगी 150 बसें

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के मुताबिक, अंतरराज्यीय मार्गों पर संचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अलावा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत भी 150 बसें चलाई जाएंगी।

दिल्ली के लिए कुल 18 मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें पटना से सबसे ज्यादा चार मार्ग हैं, जबकि मुजफ्फरपुर और गया जी से दो-दो मार्ग तय किए गए हैं। अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से एक-एक मार्ग चिन्हित किया गया है। प्रत्येक मार्ग पर बिहार और दिल्ली, दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित किया गया है।

अब पर्व-त्योहार का इंतजार नहीं, पूरे साल मिलेगी बस सुविधा

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पहले बिहार से दूसरे राज्यों के लिए बस सेवा मुख्य रूप से पर्व-त्योहारों के दौरान ही चलाई जाती थी। वर्ष 2025 में त्योहारों के समय ट्रेनों और अन्य परिवहन साधनों में भारी भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए निगम और पीपीपी की कुल 210 बसें चलाई थीं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में दीपावली और छठ के दौरान बिहार से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के अलग-अलग मार्गों पर 155 बसों का संचालन किया गया। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया और बढ़ती मांग को देखते हुए इन सेवाओं को पूरे साल जारी रखने की जरूरत महसूस हुई। इसी उद्देश्य से बिहार सरकार दूसरे राज्यों के साथ पारस्परिक परिवहन समझौते कर रही है।

मंत्री के अनुसार, बिहार और हरियाणा के बीच भी जुलाई में 12 मार्गों पर नियमित बस संचालन के लिए समझौता हुआ था। इसके तहत निगम को 36 बसों के परमिट मिल चुके हैं। इन मार्गों की अधिकतर बसें दिल्ली होकर हरियाणा के अलग-अलग गंतव्यों तक जाएंगी। इससे बिहार से दिल्ली और हरियाणा जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

पटना से दिल्ली तक का किराया 1,615 रुपये से शुरू

बसों में चार श्रेणियों में किराया तय किया गया है। इनमें नॉन-एसी सीटर, नॉन-एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर शामिल हैं। प्रमुख मार्गों का किराया इस प्रकार है:

मार्ग और दूरी नॉन-एसी सीटर नॉन-एसी स्लीपर एसी सीटर एसी स्लीपर
पटना-दिल्ली (1,198 किमी) ₹1,615 ₹1,715 ₹1,980 ₹2,919
मुजफ्फरपुर-दिल्ली (1,071 किमी) ₹1,470 ₹1,570 ₹1,804 ₹2,717
गया जी-दिल्ली (1,106 किमी) ₹1,555 ₹1,655 ₹1,907 ₹2,784
दरभंगा-दिल्ली (1,137 किमी) ₹1,592 ₹1,692 ₹1,853 ₹2,866
पूर्णिया-दिल्ली (1,367 किमी) ₹2,018 ₹2,118 ₹2,470 ₹3,383
भागलपुर-दिल्ली (1,420 किमी) ₹1,917 ₹2,017 ₹2,347 ₹3,256
अररिया-दिल्ली (1,319 किमी) ₹1,929 ₹2,029 ₹2,362 ₹3,275
किशनगंज-दिल्ली (1,427 किमी) ₹2,011 ₹2,111 ₹2,463 ₹3,375
मोतिहारी-दिल्ली (1,071 किमी) ₹1,429 ₹1,529 ₹1,755 ₹2,694
सीतामढ़ी-दिल्ली (1,130 किमी) ₹1,579 ₹1,679 ₹1,937 ₹2,850
शिवहर-दिल्ली (1,118 किमी) ₹1,559 ₹1,659 ₹1,913 ₹2,821
सीवान-दिल्ली (962 किमी) ₹1,276 ₹1,376 ₹1,568 ₹2,467
सुपौल-दिल्ली (1,285 किमी) ₹1,774 ₹1,874 ₹2,175 ₹3,114
लौकहा-दिल्ली (1,322 किमी) ₹1,844 ₹1,944 ₹2,257 ₹3,176

टिकट बुकिंग और समय-सारणी की जानकारी कहां मिलेगी?

बीएसआरटीसी के पोर्टल पर अन्य मार्गों के किराए, बसों की समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी। यात्री टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर फोन करके भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मुख्य सचिव राजीव वर्मा समेत दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Check Also

अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तीखा वार! सपा के शासन को बताया ‘गुंडाराज’, 2027 में सैफई तक सिमटने की कही बात

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी …