Friday , 27 November 2026

INDIA गठबंधन की अहम बैठक से पहले NCP को झटका! सुप्रिया सुले नहीं होंगी शामिल, पिता शरद पवार की तबीयत बनी वजह

नई दिल्ली: संसद के विशेष सत्र से पहले 28 नवंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की अहम बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले शामिल नहीं होंगी। उन्होंने बैठक से दूरी बनाने की वजह अपने पिता शरद पवार की तबीयत बताई है। शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। सुप्रिया सुले के मुताबिक, मौजूदा हालात में उनका मुंबई में रहना जरूरी है।

यह बैठक शनिवार सुबह 11:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली स्थित आवास पर होनी है। इसमें विपक्षी दल संसद के विशेष सत्र से पहले अपनी रणनीति और साझा रुख पर चर्चा करेंगे।

30 नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगी सुप्रिया सुले

सुप्रिया सुले ने बताया कि वह सोमवार यानी 30 नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगी। उनसे जब पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी के अन्य सांसद INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे, तो उन्होंने कहा कि पार्टी के सांसद अलग-अलग कार्यक्रमों और कामों में व्यस्त हैं। किसी सांसद के क्षेत्र में लोकार्पण का कार्यक्रम है तो कहीं भूमि पूजन होना है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जो सांसद व्यस्त नहीं होंगे, उनकी जानकारी दी जाएगी।

परिसीमन और महिला आरक्षण पर बनेगी विपक्ष की रणनीति

बैठक में सबसे अहम चर्चा संसद के विशेष सत्र के दौरान परिसीमन से जुड़े संभावित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर हो सकती है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। विपक्षी दलों को आशंका है कि सरकार महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के नाम पर परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव आगे बढ़ा सकती है।

ऐसे में विपक्षी दल इस मुद्दे पर सरकार को घेरने और संसद के भीतर साझा रणनीति बनाने पर विचार कर सकते हैं। महिला आरक्षण, लोकसभा सीटों के परिसीमन और राज्यों के बीच सीटों के संभावित पुनर्वितरण का मुद्दा भी चर्चा के केंद्र में रहने की संभावना है।

कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए। पार्टी मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या और राज्यों के बीच उनके वितरण को बरकरार रखते हुए महिला आरक्षण लागू करने की पक्षधर है।

DMK, AAP और BJD को भी बैठक का न्योता

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने INDIA गठबंधन में शामिल दलों के संसदीय नेताओं को बैठक के लिए आमंत्रित किया है। खास बात यह है कि बैठक में विपक्षी खेमे के उन दलों को भी बुलाया गया है, जो INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं।

रिपोर्टों के मुताबिक, तमिलनाडु की डीएमके, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल समेत अन्य विपक्षी दलों को भी न्योता भेजा गया है। इन दलों के संसदीय नेताओं या प्रतिनिधियों के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।

विशेष सत्र से पहले विपक्ष की एकजुटता की परीक्षा

30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी दल सरकार के विधायी एजेंडे पर अपना रुख तय करना चाहते हैं। परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं।

सुप्रिया सुले ने भी कहा है कि जब तक विधेयक का मसौदा सामने नहीं आता, तब तक उस पर पार्टी का रुख स्पष्ट करना मुश्किल है। फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि सुप्रिया सुले की गैरमौजूदगी में उनकी पार्टी के दूसरे सांसद बैठक में शामिल होंगे या नहीं।

 

Check Also

अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तीखा वार! सपा के शासन को बताया ‘गुंडाराज’, 2027 में सैफई तक सिमटने की कही बात

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी …