
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में खादी को नई पहचान देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में 10 दिवसीय ‘उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026’ का शुभारंभ हुआ। खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खादी केवल कपड़ा नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का विचार है।
10 दिन तक चलेगा खादी महोत्सव, 150 स्टॉल पर दिखेंगे स्थानीय उत्पाद
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित यह महोत्सव 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा। ‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ की थीम पर आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के उद्यमियों और शिल्पकारों ने 150 स्टॉल लगाए हैं। यहां खादी के वस्त्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार किए गए विभिन्न ग्रामोद्योग उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर और उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर भी मौजूद रहे।
महोत्सव के स्टॉलों का जायजा लेने के बाद मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार खादी को नई पीढ़ी की पसंद बनाने के साथ इससे जुड़े बुनकरों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके मुताबिक, अब खादी 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन की गारंटी के साथ आधुनिक डिजाइन और आकर्षक परिधानों में उपलब्ध है। इससे खादी परंपरा के साथ आधुनिक जीवनशैली से भी जुड़ रही है।
गांधी की खादी को मिली नई पहचान, ‘वोकल फॉर लोकल’ का भी जिक्र
मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान खादी को स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनाया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प ने वर्ष 2014 के बाद खादी को नई पहचान और ऊर्जा दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए लगातार लोगों से खादी अपनाने और बुनकरों का उत्साह बढ़ाने की अपील करते रहे हैं। इससे खादी के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है और इससे जुड़े लाखों परिवारों को संबल मिला है।
पांच साल में 2,544 करोड़ रुपये का ऋण, 2.79 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। इसी सोच के तहत प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के जरिए युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में इन योजनाओं के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुईं और 2.79 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। मंत्री के अनुसार, खादी एवं ग्रामोद्योग ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
115 प्रदर्शनियों में 27,508 स्टॉल, 161 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री
राकेश सचान ने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों के माध्यम से खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों को बड़ा बाजार मिला है। इन प्रदर्शनियों में लगाए गए 27,508 स्टॉलों के जरिए उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं के बढ़ते भरोसे और प्रदेश के कारीगरों की बाजार तक बढ़ती पहुंच को दर्शाता है।
सरकार का प्रयास है कि गांवों में तैयार होने वाले उत्पाद केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रदेश और देश के बड़े बाजारों तक पहुंचें। इसके लिए प्रदर्शनियों, बिक्री केंद्रों और अन्य विपणन माध्यमों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
खादी की खरीद पर 30 प्रतिशत छूट, शादी समारोहों में पहनने की अपील
मंत्री ने लोगों से खादी को रोजमर्रा के जीवन के साथ सामाजिक और मांगलिक आयोजनों का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विवाह समारोहों में खादी के वस्त्र अपनाने से पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय बुनकरों तथा कारीगरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर से खादी वस्त्रों और परिधानों की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जा रही है।
पांच संकल्पों के साथ आत्मनिर्भर भारत का संदेश
कार्यक्रम में मंत्री राकेश सचान ने उपस्थित लोगों को पांच संकल्प दिलाए। इनमें खादी को जन-जन तक पहुंचाना, ग्रामोद्योग उत्पादों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय कारीगरों को उचित बाजार उपलब्ध कराना, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना तथा स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना शामिल है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से 6 दिसंबर तक चलने वाले खादी महोत्सव में पहुंचने और कम से कम एक खादी वस्त्र खरीदने की अपील की। मंत्री ने कहा कि खादी का हर वस्त्र खरीदना केवल उत्पाद खरीदना नहीं, बल्कि बुनकरों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों के श्रम का सम्मान करना है। इससे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
Navyug Samachar