Friday , 27 November 2026

यूपी के 46,800 युवाओं को योगी सरकार का बड़ा डिजिटल तोहफा, टैबलेट बांटते ही विपक्ष पर बरसे CM; बोले- पहले अपना हिसाब दो

 

गोंडा: उत्तर प्रदेश के देवीपाटन मंडल के 46,800 छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को शुक्रवार को डिजिटल सौगात मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के युवाओं को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को तकनीक के बेहतर इस्तेमाल की सीख देने के साथ विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केवल बड़े-बड़े सपने दिखाने से विकास नहीं होता। इसके लिए स्पष्ट सोच, समय और समर्पण की जरूरत होती है। पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को माफिया और उपद्रव का केंद्र बना दिया था, जबकि आज प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों की सोच परिवार तक सीमित थी, उन्होंने सैफई तक ही विकास देखा। उनकी सरकार ने प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह टैबलेट महज एक उपकरण नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसके माध्यम से शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

रील पर 30 सेकंड, हुनर निखारने पर रोज दें 30 मिनट

मुख्यमंत्री ने युवाओं को टैबलेट के सही इस्तेमाल की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर रील देखने में 30 सेकंड लगाएं, लेकिन अपने कौशल को बेहतर बनाने के लिए रोज कम से कम 30 मिनट जरूर निकालें। उन्होंने कहा कि टैबलेट के साथ अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा सक्रिय रखें। सपने बड़े होने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए उतनी ही मेहनत करने का जज्बा भी होना चाहिए।

योगी ने युवाओं से कहा कि तकनीक का इस्तेमाल अपना भविष्य बनाने के लिए करें। जब युवा अपनी प्रतिभा और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे, तो नकारात्मक शक्तियां कमजोर होंगी। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को भी उपयोगी साधन बताते हुए कहा कि इसे अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए इस्तेमाल करें, न कि अपने दिमाग पर हावी होने दें। किसी भी वायरल सामग्री पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और उसे साझा करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांचें।

कभी पिछड़ेपन के लिए चर्चा में था देवीपाटन मंडल, अब विकास की नई तस्वीर

मुख्यमंत्री ने गोंडा और आसपास के जिलों की पुरानी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोंडा का नाम देश के सबसे गंदे शहरों में शामिल था। देवीपाटन शक्तिपीठ तक जाने वाली सड़कें भी बेहद खराब थीं। बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती विकास के मामले में काफी पीछे थे। स्थिति यह थी कि नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में इसी मंडल के तीन जिले शामिल थे।

उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में विकास की तस्वीर बदल रही है। गोंडा में मेडिकल कॉलेज बन चुका है और बहराइच में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है। बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है, जबकि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। थारू संग्रहालय और बेहतर सड़कें भी क्षेत्र की नई पहचान बन रही हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने अकेले देवीपाटन मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। श्रावस्ती में हवाई अड्डा तैयार हो चुका है और जल्द ही हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद है।

सपा-बसपा के सात कार्यकाल से दोगुनी से ज्यादा भर्तियों का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह लखनऊ में 1,594 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद गोंडा पहुंचे हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की चार और बहुजन समाज पार्टी की तीन सरकारों के कुल सात कार्यकाल में जितनी नियुक्तियां हुई थीं, उससे दोगुने से अधिक नियुक्ति पत्र भाजपा सरकार ने वितरित किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र युवाओं की मेहनत का सम्मान है, जबकि टैबलेट उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का माध्यम है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं।

18 हजार से ज्यादा पाठ्यक्रम, छात्रवृत्ति से स्टार्टअप तक मिलेगी जानकारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा साथी ऐप के माध्यम से टैबलेट में 18 हजार से अधिक शैक्षिक सामग्री और निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यार्थी एक क्लिक पर छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा युवाओं को केवल नौकरी तलाशने में ही नहीं, बल्कि अपना व्यवसाय शुरू करने और डिजिटल उद्यमी बनने में भी मदद करेगी। आईआईएम लखनऊ की एक अध्ययन रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन उपकरणों के माध्यम से तीन करोड़ लोगों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने में मदद मिली है।

‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ से ‘नो कर्फ्यू-नो दंगा’ तक का दावा

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी। स्कूलों में भवन और शिक्षकों की कमी थी। नकल, भूमि, खनन, शराब और वन माफिया का प्रभाव था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकारों की नीति वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया तक सीमित थी।

योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। प्रदेश में अब ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा-यूपी में सब चंगा’ की स्थिति है। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों और इंटर कॉलेजों के पुराने भवनों को बेहतर बनाया गया है। स्मार्ट कक्षाएं, डिजिटल पुस्तकालय, फर्नीचर, खेल मैदान और छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

120 से बढ़कर 25 हजार के पार पहुंचे स्टार्टअप

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहा स्टार्टअप परिवेश युवाओं को नौकरी मांगने वाला ही नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला भी बना रहा है। गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के युवा और बेटियां भी उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।

इसी मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए योगी ने समाजवादी पार्टी के नेताओं से सवाल किया कि जब वे सत्ता में थे, तब उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं और प्रदेश के विकास के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि आज युवाओं के सामने नई घोषणाएं रखने से पहले विपक्ष को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए।

सैफई तक सीमित थी पिछली सरकारों की सोच, नोएडा को बनाया निवेश का केंद्र

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने प्रदेश के विकास को परिवार और कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित रखा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के रास्ते में बाधाएं खड़ी करने वाले लोग अपनी कुर्सी बचाने के लिए नोएडा जाने से भी बचते थे। उस समय नोएडा को लूट-खसोट का माध्यम बना दिया गया था, जबकि आज नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण निवेश के बड़े केंद्र बन चुके हैं।

योगी ने कहा कि पहले की सरकारों की सोच कट्टा और बम तक सीमित थी। उनकी सरकार ने अवैध ठिकानों को ध्वस्त किया और अब उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया ने ब्रह्मोस की ताकत देखी है।

हर जिले में बनेगा स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन, विदेश में नौकरी का भी रास्ता

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के हर जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किया जा रहा है। यहां दसवीं, बारहवीं, स्नातक और परास्नातक युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें रोजगार से जोड़ा जा सके।

उन्होंने कहा कि जो युवा जापान और जर्मनी में रोजगार हासिल करना चाहते हैं, उन्हें सरकार अपने खर्च पर संबंधित भाषाओं का प्रशिक्षण दिलाने का प्रयास करेगी। इससे विदेश में नौकरी के अवसर पाने में मदद मिलेगी।

योगी ने क्षेत्र में प्रस्तावित और जारी विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। इनमें बाराबंकी-बहराइच चार लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर के लिए केंद्र सरकार से सात हजार करोड़ रुपये की मंजूरी, गोंडा-लखनऊ मार्ग का चौड़ीकरण और जरवल रोड के पास घाघरा नदी पर चार लेन पुल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा अयोध्या-बलरामपुर-श्रावस्ती कॉरिडोर, गोरखपुर-शामली-पानीपत आर्थिक गलियारा, रुपईडीहा में लैंड पोर्ट और औद्योगिक लॉजिस्टिक कॉरिडोर के विकास की योजनाओं की जानकारी दी। कतर्नियाघाट और चित्तौरा झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का भी जिक्र किया।

2047 के विकसित भारत की जिम्मेदारी आज के युवाओं पर

मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर शामिल कराएं। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है। युवा साथी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है। उस समय आज के युवा ही देश और प्रदेश की जिम्मेदारी संभालेंगे। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प से उत्तर प्रदेश भी आत्मनिर्भर और विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित होगा।

मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर मुख्यमंत्री ने दिए टैबलेट

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों से आए मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर टैबलेट वितरित किए। इनमें गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस शामिल रहे।

महाराजगंज की मानवी पांडेय, बहराइच की अमिता जायसवाल, समा बेगम, कुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह को भी टैबलेट दिए गए। श्रावस्ती की रिधिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह तथा बलरामपुर की अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी को भी मुख्यमंत्री के हाथों टैबलेट प्राप्त हुए।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह, बहराइच सांसद आनंद कुमार गोंड सहित देवीपाटन मंडल के विभिन्न क्षेत्रों के विधायक, विधान परिषद सदस्य और भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

Check Also

अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तीखा वार! सपा के शासन को बताया ‘गुंडाराज’, 2027 में सैफई तक सिमटने की कही बात

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी …