Saturday , 28 November 2026

योगी सरकार में 1,594 युवाओं को सरकारी नौकरी का तोहफा, CM के हाथों नियुक्ति पत्र मिलते ही खिल उठे चेहरे; बोले- मेहनत रंग लाई

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे 1,594 युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन खुशियों भरा रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। वर्षों की मेहनत के बाद सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं के चेहरे मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलते ही खिल उठे। चयनित अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए अपनी सफलता की कहानी साझा की। किसी ने चार साल तो किसी ने आठ साल तक तैयारी करने के बाद यह मुकाम हासिल किया।

चार साल की तैयारी के बाद संस्कृति मेहरोत्रा का सपना हुआ पूरा

लखनऊ निवासी संस्कृति मेहरोत्रा का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए कहा कि चयन के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। संस्कृति पिछले चार साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थीं। अब उनका सपना पूरा हो गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। संस्कृति के मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया में आवेदन शुल्क और आने-जाने के खर्च के अलावा उन्हें कोई अतिरिक्त पैसा खर्च नहीं करना पड़ा।

2024 से जुटी थीं तैयारी में, अब डिंपल यादव बनीं लेखा परीक्षक

बलिया की रहने वाली डिंपल यादव का चयन लेखा परीक्षक के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से लगातार परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। आखिरकार उनकी मेहनत सफल हुई और उन्हें सरकारी नौकरी मिल गई। डिंपल ने योगी सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं के लिए अच्छा काम कर रही है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, मुरादाबाद की सोनम सैनी सहायक लेखाकार के पद पर चयनित हुई हैं। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी रही और कहीं भी रिश्वतखोरी का सामना नहीं करना पड़ा। सोनम के लिए मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र हासिल करना बेहद खुशी और गर्व का पल रहा।

आठ साल की मेहनत के बाद उत्सव सक्सेना को मिली सफलता

लखीमपुर खीरी के कपिल कुमार का चयन लेखा परीक्षक के पद पर हुआ है। उन्होंने नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि योगी सरकार में भर्तियां निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जा रही हैं।

वहीं, शाहजहांपुर निवासी उत्सव सक्सेना सहायक लेखाकार बने हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले आठ साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे। उनके मुताबिक, इस बार भर्ती प्रक्रिया न केवल पारदर्शी रही, बल्कि इसे तेजी से भी पूरा किया गया।

उत्सव ने सपा और योगी सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले नियुक्ति पत्र मिलने को लेकर ऐसी खबरें सुनने को नहीं मिलती थीं। उनका दावा है कि मौजूदा सरकार में हर सप्ताह युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।

यूट्यूब से पढ़ाई कर अभय प्रताप ने हासिल की सरकारी नौकरी

मैनपुरी निवासी अभय प्रताप सिंह का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले दो से तीन साल से परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने यूट्यूब के माध्यम से पढ़ाई की और अपनी मेहनत के दम पर सफलता हासिल की।

अभय प्रताप ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की योजनाओं का असर जमीन पर दिखाई दे रहा है।

इसी तरह झांसी निवासी कृष्णकांत व्यास का चयन भी सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में उनकी मेहनत सफल हुई है। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके जीवन का ऐतिहासिक और भावुक पल है।

 

Check Also

अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तीखा वार! सपा के शासन को बताया ‘गुंडाराज’, 2027 में सैफई तक सिमटने की कही बात

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी …