
हरदोई: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी बीच हरदोई से एक अनोखी शिकायत सामने आई है। यहां लगातार बारिश से परेशान एक शख्स ने किसी सरकारी विभाग या अधिकारी के खिलाफ शिकायत करने के बजाय सीधे बारिश के देवता इंद्रदेव को जिम्मेदार ठहराते हुए जन शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा दी। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से अपने ‘दिव्य माध्यम’ के जरिए इंद्रदेव से संपर्क कर बारिश रुकवाने की अपील भी की है।
लगातार बारिश से परेशान होकर दर्ज कराई शिकायत
हरदोई के मल्लावां ब्लॉक के नेवादा पारस गांव निवासी सूरज तिवारी ने राज्य के जन शिकायत पोर्टल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने जिले में लगातार हो रही बारिश के लिए इंद्रदेव को जिम्मेदार बताया।
शिकायत में सूरज तिवारी ने कहा कि कभी तेज तो कभी धीमी बारिश लगातार जारी है। इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बारिश होने से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए राहत दिलाने की मांग की।
‘मेरे पास इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं’
सूरज तिवारी की शिकायत का सबसे दिलचस्प हिस्सा उसका आखिरी पैराग्राफ है। उन्होंने लिखा कि उन्हें इंद्रदेव का मोबाइल नंबर मालूम नहीं है। ऐसे में उन्होंने जिलाधिकारी से ही आगे कार्रवाई करने की अपील कर दी।
शिकायतकर्ता ने कहा कि जिलाधिकारी अपने ‘दिव्य माध्यम से संपर्क’ का इस्तेमाल करते हुए इंद्रदेव को जरूरी निर्देश दें, ताकि बारिश को तुरंत नियंत्रित किया जा सके और जिले के लोगों को राहत मिल सके।
जलभराव से सड़क और गलियों में बढ़ी परेशानी
सूरज तिवारी ने शिकायत में लगातार बारिश के कारण पैदा हुई परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सड़कें, गलियां और निचले इलाके पानी से भर गए हैं। जलभराव के कारण लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
लगातार बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। लंबे समय तक बारिश जारी रहने से फसलों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। इसी बीच इंद्रदेव के नाम से दर्ज कराई गई यह शिकायत चर्चा का विषय बन गई है।
बारिश और तूफान से 56 लोगों की मौत का दावा
लगातार बारिश के बीच उत्तर प्रदेश में हालात गंभीर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार से बारिश और तूफान से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत हुई है, जबकि 46 लोग घायल हुए हैं। कई जिलों में तीन दिनों तक हुई तेज बारिश के बाद बाढ़ जैसी स्थिति बनी रही।
राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, 25 सितंबर से 27 सितंबर की सुबह तक राज्य में बारिश और तूफान से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत हुई और 46 लोग घायल हुए।
डिप्रेशन कमजोर होने से राहत के संकेत
रविवार को राज्य के ऊपर बना डिप्रेशन कमजोर होकर अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया। इसके बाद प्रदेश में बारिश की स्थिति में कुछ राहत मिलने की संभावना बनी है। हालांकि, कई इलाकों में लगातार बारिश से जलभराव और फसलों को नुकसान की समस्या बनी हुई है।
Navyug Samachar