यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के औरैया में 75 साल के रामसुगर और 30 साल की रानी की प्रस्तावित शादी में नया मोड़ आ गया है। सगाई के बाद हल्दी और मेहंदी की रस्मों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से चर्चा में आए इस रिश्ते को रानी ने अब खत्म करने का ऐलान किया है। रानी का कहना है कि उसका पहला पति वापस लौट आया है और अब वह उसी के साथ रहना चाहती है। उसने एक नया वीडियो जारी कर कहा कि उसका परिवार अब पूरा हो गया है। वहीं, रामसुगर की बेटी राधा ने रानी के इस फैसले पर नाराजगी जताई है।
पहले पति के लौटते ही बदला रानी का फैसला
रानी ने शुक्रवार को जारी वीडियो में बताया कि उसकी सगाई का वीडियो देखने के बाद उसका पहला पति वापस लौट आया। उसने कहा कि सगाई को लेकर घर में काफी विवाद चल रहा है। उसके पति का कहना है कि तलाक लिए बिना दूसरी शादी कैसे की जा सकती है।
रानी के मुताबिक, अब उसने भी अपने पति के साथ रहने का फैसला किया है। उसने साफ कहा कि अगर उसे दोबारा शादी करनी होगी तो वह अपने पति से ही करेगी। रामसुगर के साथ हुई सगाई को रद्द करने की बात भी उसने वीडियो में कही।
रामसुगर की बेटी राधा से कहा- अब शादी नहीं करेंगे
रानी ने वीडियो में कहा कि राधा अपने पिता से शादी करने के लिए कह रही हैं, लेकिन अब वह रामसुगर से शादी नहीं करेगी। वीडियो में अपने पास मौजूद एक व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए रानी ने उसे अपना पति बताया।
उसने कहा कि जब उसे लग रहा था कि उसके साथ कोई नहीं है, तब उसने राधा से बातचीत की थी और रामसुगर से शादी करने का फैसला किया था। अब पति के लौट आने के बाद उसका परिवार पूरा हो गया है और उसे किसी दूसरे व्यक्ति से कोई मतलब नहीं है।
पति को पहनाया फूलों का हार, सिंदूर लगाने का भी वीडियो
रानी ने अपने नए वीडियो में पति को फूलों का हार पहनाया। वीडियो में उसका पति रानी की मांग में सिंदूर लगाता भी दिखाई दे रहा है। इस दौरान दो बच्चे भी नजर आते हैं। बच्चों की ओर इशारा करते हुए रानी ने कहा कि अब उसकी फैमिली पूरी हो गई है।
वीडियो में रानी ने रामसुगर की बेटी राधा से यह भी कहा कि अब वह उसके बारे में ब्लॉग या वीडियो न बनाए। उसने राधा और उसके परिवार से अपने मामले से दूर रहने की बात कही। रानी ने कहा कि अब उसे राधा, उनकी बहन या उनके पिता से कोई मतलब नहीं है।
सगाई के बाद हल्दी-मेहंदी की रस्मों के वीडियो हुए थे वायरल
रामसुगर और रानी की सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। सगाई के साथ दोनों की हल्दी और मेहंदी की रस्में भी हुई थीं। उस समय ऐलान किया गया था कि नवरात्र के बाद दोनों शादी करेंगे। इन कार्यक्रमों में परिवार के लोग भी शामिल हुए थे।
दोनों की उम्र में बड़े अंतर के कारण यह रिश्ता सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया था। कुछ लोगों ने इन रस्मों को ब्लॉग, लाइक और व्यूज के लिए किया गया प्रयास बताया था। हालांकि, रामसुगर ने इन चर्चाओं का खंडन करते हुए कहा था कि उनका रिश्ता वास्तविक है और वे जल्द शादी करेंगे। उन्होंने सगाई को सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए किया गया बताने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। अब रानी के पहले पति के लौटने और रामसुगर से शादी रद्द करने के ऐलान के बाद इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
Navyug Samachar
