Monday , 5 October 2026

रणवीर सिंह को बड़ी राहत: FWICE ने वापस लिया असहयोग आंदोलन, ‘डॉन 3’ विवाद के बीच लिया यू-टर्न

मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह से जुड़े विवाद में अब बड़ा मोड़ आ गया है। उनके खिलाफ शुरू किया गया असहयोग आंदोलन फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने वापस ले लिया है। पहले इसे फिल्म इंडस्ट्री में एक तरह के प्रतिबंध के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन अब संगठन के नए फैसले के बाद रणवीर सिंह को बड़ी राहत मिली है। इस पूरे घटनाक्रम को इंडस्ट्री में उनकी एक बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है।

FWICE के फैसले से इंडस्ट्री में हलचल
FWICE ने 25 मई 2026 को रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग आंदोलन शुरू किया था। यह कदम फरहान अख्तर की शिकायत के बाद उठाया गया था, जिसमें दावा किया गया था कि रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ से अलग होने के कारण प्रोडक्शन को भारी नुकसान हुआ है। इसके बाद फिल्म निर्माताओं को रणवीर सिंह के साथ काम न करने की सलाह दी गई थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया था। लेकिन अब FWICE ने अपना पुराना रुख बदलते हुए इस निर्देश को वापस ले लिया है।

क्यों लिया गया फैसला वापस?
FWICE के अनुसार, कई दौर की चर्चाओं और विचार-विमर्श के बाद तथा इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के हस्तक्षेप और अपील को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। संगठन का कहना है कि इंडस्ट्री में आपसी मेलजोल और एकता बनाए रखना प्राथमिकता है, इसलिए इस विवाद को बातचीत और सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में आगे बढ़ाना जरूरी समझा गया।

बयान में क्या कहा गया?
FWICE की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह संगठन लंबे समय से फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री के कामगारों, तकनीशियनों और कलाकारों के हितों की रक्षा करता आया है। बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि संगठन का उद्देश्य इंडस्ट्री में अनुशासन, निष्पक्षता और सामूहिक कल्याण को बनाए रखना है। आगे कहा गया कि गहन विचार-विमर्श के बाद यह तय किया गया कि रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग निर्देश को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। साथ ही संगठन ने यह भी कहा कि भविष्य में विवादों का समाधान बातचीत और आपसी समझ से किया जाना चाहिए।

आगे की राह और रणवीर सिंह की फिल्में
FWICE ने इस पूरे मामले को सुलझाने में इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना भी की है। रणवीर सिंह के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही ‘प्रल्य’ में नजर आएंगे। इसके अलावा आदित्य धर के साथ उनकी एक और फिल्म भी पाइपलाइन में है। हाल ही में वह ‘धुरंधर 2’ में दिखाई दिए थे, जिसने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।

 

Check Also

सुनील ग्रोवर की मिमिक्री इतनी असली कैसे लगती है? क्या है उनका सीक्रेट, मिमिक्री आर्टिस्ट ने खोला राज

मुंबई: कॉमेडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर अपनी शानदार मिमिक्री और अलग-अलग किरदारों को जीवंत करने …