
नेशनल डेस्क : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गुरुवार को अमीरपेट मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक तीन मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग अमीरपेट के हेलमेट बाज़ार में लगी, जिसके बाद दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। राहत की बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली थी।
सात दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का किया प्रयास
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आग लगने की सूचना मिलते ही सात फायर इंजन मौके पर भेजे गए। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे रहे। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आग की वजह से ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई
आग लगने के बाद अमीरपेट और एसआर नगर के बीच यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि आग बुझाने और इमरजेंसी रिस्पॉन्स ऑपरेशन के चलते इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही, जिससे भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से प्रभावित मार्ग से बचने तथा वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
हैदराबाद पुलिस और फायर विभाग ने पुष्टि की है कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। एक फायर अधिकारी ने बताया कि अमीरपेट स्थित हेलमेट बाज़ार में आग लगने के बाद सात फायर इंजन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में सफलता हासिल की गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों की सतर्कता से तुरंत शुरू हुआ राहत कार्य
स्थानीय कांग्रेस नेता नागार्जुन रेड्डी ने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने इमारत से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद तुरंत दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी गई। उनके अनुसार करीब आधे घंटे पहले धुआं दिखाई देने पर विभाग को अलर्ट किया गया था, जिसके बाद राहत कार्य तेज़ी से शुरू हुआ और आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया।
हाल के दिनों में हैदराबाद में आग की कई घटनाएं
गौरतलब है कि इससे पहले भी हैदराबाद के मसाब टैंक मेन रोड स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग के गोदाम में भीषण आग लग गई थी। उस दौरान आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था, जबकि स्थानीय पुलिस और डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीमें भी राहत कार्य में जुटी थीं। वहीं 14 मई को हयातनगर इलाके में एक फर्नीचर की दुकान में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
Navyug Samachar