
बिजनौर डेस्क: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जहां पांच साल पुराने प्रेम संबंध को अंजाम तक पहुंचाने के लिए युवती सीधे अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और शादी की जिद पर अड़ गई। परिजनों की लाख समझाइश और पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद जब वह नहीं मानी, तो आखिरकार दोनों परिवारों की सहमति से मंदिर में शादी करा दी गई।
जानकारी के मुताबिक, धामपुर क्षेत्र के गांव कुंवर बसेड़ा निवासी हिमानी का गांव बमनोली निवासी चंद्रभान के साथ करीब पांच साल से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों की मुलाकात पढ़ाई के दौरान हुई थी और धीरे-धीरे रिश्ता गहराता चला गया। बताया जा रहा है कि युवती कई बार शादी की बात कर चुकी थी, लेकिन युवक की ओर से बात टाल दी जाती थी।
“शादी करके ही जाऊंगी” कहकर घर पहुंची युवती
इसी बात से परेशान होकर हिमानी रविवार सुबह सीधे अपने प्रेमी चंद्रभान के घर पहुंच गई। वहां पहुंचते ही उसने साफ कह दिया कि वह शादी करने आई है और बिना शादी किए वापस नहीं जाएगी। युवती ने यह भी कहा कि वह “जीएगी तो चंद्रभान के साथ और रहेगी भी उसी के साथ।”
युवती की इस जिद से दोनों परिवार हैरान रह गए और उसे समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी भी हालत में पीछे हटने को तैयार नहीं हुई।
परिवार और पुलिस की कोशिशें नाकाम
स्थिति बिगड़ने पर चंद्रभान के परिजनों ने युवती के परिवार को सूचना दी। कुछ ही देर में उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घंटों तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती अपनी बात पर अड़ी रही। आखिरकार नाराज होकर उसके परिजन उसे वहीं छोड़कर वापस लौट गए।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात थाने तक पहुंच गई।
थाने में बनी सहमति, मंदिर में हुई शादी
थाने में दोनों परिवारों और स्थानीय जिम्मेदार लोगों के बीच लंबी बातचीत हुई। काफी विचार-विमर्श के बाद युवती की इच्छा को देखते हुए शादी कराने का फैसला लिया गया।
इसके बाद थाने से कुछ दूरी पर स्थित शिव मंदिर में दोनों को ले जाया गया, जहां परिवार और मौजूद लोगों की सहमति से विवाह संपन्न कराया गया। रस्मों के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और चंद्रभान ने हिमानी की मांग में सिंदूर भरा।
शादी से पहले दोनों से उनकी सहमति भी ली गई, जिसके बाद उन्होंने साथ निभाने की बात स्वीकार की।
शादी के बाद साथ गई ससुराल
विवाह संपन्न होने के बाद हिमानी अपने पति चंद्रभान के साथ उसके घर चली गई। इस पूरी घटना के बाद यह प्रेम कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Navyug Samachar