Monday , 5 October 2026

अब चलती ट्रेन में भी मिलेगी कंफर्म बर्थ! ऑनलाइन दिखेंगी खाली सीटें, रेलवे ला रहा बड़ा बदलाव

गोरखपुर : ट्रेन छूटने के बाद कंफर्म सीट मिलने की उम्मीद छोड़ देने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे जल्द ऐसी व्यवस्था लागू करने जा रहा है, जिसके तहत यात्रा शुरू कर चुकी ट्रेनों में भी खाली पड़ी बर्थ ऑनलाइन बुक की जा सकेगी। नई प्रणाली लागू होने के बाद यात्रियों को ट्रेन में उपलब्ध रिक्त सीटों की जानकारी रियल टाइम में मिलेगी और वे सफर के दौरान भी कंफर्म टिकट हासिल कर सकेंगे।

रेलवे की तकनीकी इकाई क्रिस (CRIS) टीटीई को उपलब्ध कराए गए हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) को अपग्रेड कर रही है। इस अपडेट के बाद यदि किसी कंफर्म टिकट वाले यात्री के ट्रेन में सवार न होने की जानकारी टीटीई सिस्टम में दर्ज करेगा तो संबंधित सीट तुरंत ऑनलाइन उपलब्ध सीटों की सूची में दिखाई देने लगेगी।

रियल टाइम में दिखेगी खाली सीट, तुरंत हो सकेगी बुकिंग

नई व्यवस्था के तहत यदि किसी ट्रेन में आरक्षित यात्री यात्रा नहीं करता है तो टीटीई उस सीट को एचएचटी डिवाइस में रिक्त दर्ज करेगा। इसके बाद वही सीट आईआरसीटीसी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध दिखाई देगी। ऐसे में रास्ते के किसी भी स्टेशन से यात्रा करने वाला यात्री अपनी सुविधा के अनुसार उस सीट की बुकिंग कर सकेगा।

बुकिंग पूरी होते ही संबंधित यात्री की जानकारी सीधे टीटीई के डिवाइस में पहुंच जाएगी, जिससे सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल हो जाएगी।

गोरखधाम एक्सप्रेस के उदाहरण से समझिए व्यवस्था

मान लीजिए गोरखधाम एक्सप्रेस में किसी कंफर्म टिकट धारक यात्री ने यात्रा नहीं की। टीटीई जैसे ही उस सीट को खाली दर्ज करेगा, वह ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद गोंडा, लखनऊ या किसी अन्य स्टेशन से यात्रा करने वाला यात्री उसी सीट को बुक कर सकेगा। बुकिंग के तुरंत बाद उसकी पूरी जानकारी टीटीई के सिस्टम में दर्ज हो जाएगी।

टीटीई का काम हुआ पूरी तरह पेपरलेस

रेलवे ने टीटीई की कार्यप्रणाली को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। अब अधिकांश काम एचएचटी डिवाइस के जरिए किया जा रहा है। नए अपडेट का सबसे अधिक लाभ वेटिंग और आरएसी टिकट वाले यात्रियों को मिलने की उम्मीद है।

पहले टीटीई को यह जांचने के लिए कि यात्री आया है या नहीं, संबंधित सीट तक जाकर सत्यापन करना पड़ता था। यदि यात्री मौजूद नहीं मिलता था तो दो स्टेशन तक इंतजार किया जाता था। नई तकनीक से यह प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी हो जाएगी।

11 से 27 जून तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित

पूर्वोत्तर रेलवे ने चौरी चौरा स्टेशन यार्ड में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के लिए 11 जून से 27 जून तक यातायात एवं पावर ब्लॉक घोषित किया है। इसके चलते कई ट्रेनों को पुनर्निर्धारित और नियंत्रित गति से संचालित किया जाएगा।

ये ट्रेनें रहेंगी री-शेड्यूल

11 जून को 04029 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार विशेष ट्रेन 90 मिनट की देरी से रवाना होगी।

13 और 20 जून को 04027 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार विशेष ट्रेन 90 मिनट विलंब से चलेगी।

18 और 25 जून को 04029 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार विशेष ट्रेन 60 मिनट देरी से संचालित होगी।

इन ट्रेनों का संचालन नियंत्रित रहेगा

काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस, भागलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, दरभंगा-नई दिल्ली विशेष ट्रेन, अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस, बरौनी-जम्मूतवी एक्सप्रेस, सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस, गुवाहाटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस और बरौनी-अमृतसर विशेष ट्रेन को विभिन्न तिथियों पर 25 मिनट से लेकर 95 मिनट तक नियंत्रित कर चलाया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का अद्यतन समय अवश्य जांच लेना चाहिए ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …