
लखनऊ डेस्क: स्वर्ण आभूषणों की हॉलमार्किंग व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन और भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात की। नई दिल्ली में हुई यह बैठक सकारात्मक और सार्थक माहौल में संपन्न हुई, जिसमें सराफा कारोबार से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान स्वर्ण आभूषणों में हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (एचयूआईडी) की पूरी आपूर्ति श्रृंखला में हस्तांतरणीयता से संबंधित व्यावहारिक चुनौतियों और विशेष रूप से छोटे कारोबारियों को आने वाली दिक्कतों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। कारोबारियों ने इन प्रावधानों के लागू होने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव और चिंताएं भी साझा कीं।
एचयूआईडी संशोधन फिलहाल स्वैच्छिक, अनिवार्य नहीं
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने स्पष्ट किया कि एचयूआईडी से जुड़े वर्तमान संशोधन अभी अनिवार्य रूप से लागू नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल इन प्रावधानों को स्वैच्छिक आधार पर लागू किया जा रहा है, जिससे व्यापारियों को तत्काल किसी प्रकार की बाध्यता का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार व्यापारिक हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी ईमानदार व्यापारी को अनावश्यक परेशानी में डालना उसका उद्देश्य नहीं है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से इस विषय पर विस्तृत लिखित सुझाव और व्यावहारिक विकल्प उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
संगठन के सुझावों के बाद ही होगा देशव्यापी निर्णय
बैठक में केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि संगठन से प्राप्त सुझावों और उन पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद ही इन संशोधनों को पूरे देश में अनिवार्य रूप से लागू करने को लेकर कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सभी पक्षों की राय को महत्व देते हुए संतुलित और व्यावहारिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ेगी।
बीआईएस प्रमाणित आभूषण बेचने की अपील
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सराफा कारोबारियों से अपील की कि वे केवल बीआईएस हॉलमार्किंग प्रमाणित आभूषणों की बिक्री सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने ग्राहकों को भी हॉलमार्किंग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित और प्रमाणित आभूषण उपलब्ध हो सकें।
बैठक में कई प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ लखनऊ महानगर के अध्यक्ष अभिषेक खरे, उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश चंद्र जैन, महामंत्री रवींद्र नाथ रस्तोगी, राजन रस्तोगी, प्रदीप अग्रवाल, प्रशांत जैन तथा केंद्रीय उपसचिव रिचा मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर प्रतिनिधिमंडल ने छोटे और पारंपरिक जौहरियों के हितों के प्रति संवेदनशील रुख अपनाने, सुझाव आमंत्रित कर संवाद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और सकारात्मक आश्वासन देने के लिए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी का आभार व्यक्त किया। साथ ही बैठक की रूपरेखा तैयार कराने में सहयोग के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
Navyug Samachar