Monday , 5 October 2026

खदान हादसे में 9 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 100 फीट ऊपर से गिरे विशाल पत्थर से मचा कोहराम

नेशनल डेस्क: कर्नाटक के बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। मडापट्टना के पास स्थित एक पत्थर की खदान में 100 फीट ऊपर से भारी पत्थर गिरने से 9 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

कावेरी कंपनी की खदान में हुआ बड़ा हादसा

यह दर्दनाक हादसा कावेरी कंपनी की खदान साइट पर हुआ, जहां उस समय करीब 15 से 20 मजदूर काम में जुटे हुए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ऊपर चल रही एक मशीन से अचानक भारी पत्थर नीचे गिर गया, जिससे वहां मौजूद मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

बिहार और असम के प्रवासी मजदूरों की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही तवारेकेरे पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार मृतकों में बिहार और असम के प्रवासी मजदूर शामिल हैं। कई घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह 5 बजे हुआ दर्दनाक हादसा, नहीं मिली चेतावनी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना सुबह करीब 5 बजे हुई, जब मजदूर नाइट शिफ्ट के बाद काम कर रहे थे। अचानक 100 फीट ऊपर से पत्थर गिरने से किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई मजदूर पत्थरों के नीचे दब गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

मलबे में फंसे मजदूर, बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद भारी पत्थरों और मशीनों के नीचे कई मजदूर दब गए। राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने में जुटा है। कई मशीनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। मृतकों के शव अभी मलबे से निकाले जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और कहा है कि खदानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाली खदानों पर सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …