Monday , 5 October 2026

डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी, अब घर के कमरे से मिला नवविवाहिता का शव! पति समेत तीन पर हत्या का केस दर्ज

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। डुमरियागंज थाना क्षेत्र में शादी के करीब डेढ़ महीने बाद एक नवविवाहिता का शव उसके ससुराल के घर के एक कमरे से बरामद किया गया। आरोप है कि पति ने पत्नी की हत्या कर शव को घर में ही दफना दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव की है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय मुफीदुन के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष में शोक का माहौल है।

मृतका की मां ने लगाए हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप

संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र स्थित दसहवां गांव निवासी सफीदुन्निशा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी मुफीदुन की शादी 1 जून 2026 को चकमझारी गांव निवासी शमशेर अहमद के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी।

तहरीर के अनुसार, शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को घर के भीतर दफना दिया गया।

घर के कमरे से निकलवाया गया शव

शिकायत मिलने के बाद पुलिस मंगलवार को आरोपी के घर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में घर के एक कमरे से शव खुदवाकर बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने मृतका के पति शमशेर अहमद, ससुर नीबर उर्फ हसीबुल्लाह और सास खुशबुन्निशा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले कहा था पत्नी घर छोड़कर चली गई

मृतका के चाचा मोहम्मद हुसैन के मुताबिक, करीब चार दिन पहले शमशेर ने फोन कर परिवार को बताया था कि मुफीदुन घर से कहीं चली गई है। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों का आरोप है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि मुफीदुन की हत्या कर शव को घर में दफना दिया गया था। मंगलवार को आरोपी ने मृतका की मां को उसकी हत्या की सूचना दी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

डुमरियागंज थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पति समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …