
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को राज्यभर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया है। सभी 403 विधानसभा सीटों पर एक साथ होने वाले इस संगठनात्मक अभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री गोरखपुर में बूथ अध्यक्षों को संबोधित करेंगे, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में भी पार्टी के शीर्ष नेता सम्मेलन में शामिल होंगे।
गोरखपुर में 892 बूथ अध्यक्षों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन में गोरखपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के 892 बूथ अध्यक्षों को संबोधित करेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना है।
भाजपा के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सीतापुर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बरेली और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
गोरखपुर को विकास परियोजनाओं की सौगात
संगठनात्मक कार्यक्रम के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। गुरुवार, 23 जुलाई को वह कुल 995 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें 813.52 करोड़ रुपये की लागत वाली चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है।
इन प्रमुख परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 429.49 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छह लेन फ्लाईओवर, पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक 277.77 करोड़ रुपये की चार लेन सड़क चौड़ीकरण परियोजना, एयरफोर्स स्टेशन परिसर में 103.51 करोड़ रुपये की लागत से बना नया एमईएस कार्यालय परिसर तथा थाना गुलरिहा में 2.74 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष शामिल हैं।
नई परियोजनाओं की भी रखी जाएगी आधारशिला
मुख्यमंत्री 10 नई विकास योजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इनमें श्रमजीवी महिला छात्रावास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, विश्वविद्यालय चौक के पास प्रस्तावित साइंस म्यूजियम, नंदनगर पुलिस चौकी मार्ग पर अंडरपास और सर्विस रोड निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा शहर की विभिन्न कॉलोनियों में सीसी सड़क निर्माण के कार्य भी शुरू किए जाएंगे।
चुनावी तैयारी और विकास दोनों पर फोकस
भाजपा एक ओर जहां बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं दूसरी ओर विकास परियोजनाओं के जरिए जनता तक अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने पर भी जोर दे रही है। पार्टी की यह कवायद आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का अहम हिस्सा मानी जा रही है।
Navyug Samachar