Saturday , 3 October 2026

उन्नाव में दिल दहला देने वाली वारदात! तीसरी पत्नी पर पति को जिंदा जलाने का आरोप, संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणी मोहल्ले में 56 वर्षीय हृदेश तिवारी की कथित तौर पर जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। आरोप उनकी तीसरी पत्नी रानू और उसके मायके पक्ष के लोगों पर लगा है। गंभीर रूप से झुलसे हृदेश तिवारी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटी ने लगाए पत्नी और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप
मृतक की बेटी सोनम की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोनम के मुताबिक, उनकी सगी मां का वर्ष 2023 में निधन हो गया था। इसके बाद अक्टूबर 2024 में उनके पिता हृदेश तिवारी ने रानू नाम की महिला से कोर्ट मैरिज की थी।

सोनम का आरोप है कि रानू की भी यह तीसरी शादी थी। उसके एक पति की पहले मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा पति उसे छोड़ चुका था। आरोप है कि शादी के बाद से रानू लगातार हृदेश तिवारी पर पैसे और संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी।

रजिस्ट्री वाले दिन हुई वारदात
परिजनों के अनुसार, हृदेश तिवारी ने दबाव में आकर आधा बिस्वा प्लॉट रानू के नाम करने की सहमति दे दी थी। गुरुवार को इसी जमीन की रजिस्ट्री होनी थी।

बेटी सोनम का आरोप है कि दोपहर के समय जब उनके पिता बाथरूम गए, तभी रानू और उसके मायके से आए लोगों ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

आग बुझाने का किया नाटक, खुद भी झुलसी
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद जब आसपास के लोगों ने हृदेश तिवारी को आग की लपटों में देखा, तो आरोपी महिला ने खुद को बचाने के लिए आग बुझाने का प्रयास करने का दिखावा किया। इस दौरान वह भी मामूली रूप से झुलस गई। फिलहाल उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि बेटी की शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …