Monday , 5 October 2026

बाथरूम का दरवाजा खोला तो सामने बैठा था 7 फीट का मगरमच्छ, आधी रात का खौफनाक मंजर देख उड़ गए पूरे परिवार के होश

गुजरात डेस्क: गुजरात के आणंद जिले के सोजित्रा इलाके में आधी रात उस समय दहशत फैल गई, जब एक घर के बाथरूम में करीब 7 फीट लंबा मगरमच्छ घुस आया। कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर मकान मालिक की नींद खुली। जब वह बाहर निकलकर बाथरूम की ओर पहुंचे तो अंदर विशाल मगरमच्छ को देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही वन विभाग और दया फाउंडेशन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।

बाथरूम में बैठा मिला 7 फीट लंबा मगरमच्छ

यह घटना बुधवार देर रात सोजित्रा तालुका के त्रंबोवाड-खड़ियारापुरा इलाके की है। यहां रहने वाले बालाभाई चौहान के घर के बाहर रात करीब 11 बजे कुत्ते लगातार भौंकने लगे। आवाज सुनकर जब वह जागे और बाथरूम की ओर गए तो वहां करीब 7 फीट लंबा मगरमच्छ बैठा मिला। यह नजारा देखते ही परिवार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई।

एक घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलते ही वन रक्षक निलेश भरवाड़ और मनीष प्रजापति के मार्गदर्शन में दया फाउंडेशन के अध्यक्ष नितेश चौहान और स्वयंसेवक तुषार राणा के साथ पूरी रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे मलातज गांव के तालाब में छोड़ दिया गया।

दया फाउंडेशन के अध्यक्ष नितेश चौहान ने बताया कि वन विभाग से सूचना मिलने के बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची थी। करीब 7 फीट लंबे मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित मलातज तालाब में छोड़ा गया।

बारिश के कारण आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे मगरमच्छ

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मानसून के दौरान तालाबों और जलाशयों में जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ अक्सर पानी से बाहर निकल आते हैं। शरीर का तापमान संतुलित रखने और भोजन की तलाश में वे आसपास के रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ जाते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मलातज गांव के तालाब में 100 से अधिक मगरमच्छ मौजूद हैं। जलभराव की स्थिति बनने पर इनके आसपास की सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।

वन विभाग ने लोगों को जारी की चेतावनी

बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग ने लोगों से रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि बिना जरूरत रात में बाहर न निकलें, सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलाएं और यदि कहीं मगरमच्छ दिखाई दे तो उसे छेड़ने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

 

Check Also

पन्ना में 200 रुपये में मिल सकता है हीरे की खदान का पट्टा! जानें कौन ले सकता है खदान और क्या है पूरा सरकारी प्रोसेस

पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक बार फिर किस्मत बदलने वाली कहानी सामने …