
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जिस व्यक्ति को मृत मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया, वह कुछ दिनों बाद जिंदा अपने घर लौट आया। यह घटनाक्रम सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अब पुलिस ने शव की गलत पहचान करने वाले तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला औरैया कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर अड्डा का है।
18 जुलाई को मिला था लावारिस शव
जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई को औरैया-भिखेपुर हाईवे किनारे एक लावारिस शव मिलने की सूचना अजीतमल कोतवाली पुलिस को मिली थी। शव की पहचान कराने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का भी सहारा लिया। इसके बाद 22 जुलाई को दशरथ, ब्रजभान सिंह और राजेश कुमार ने शव की पहचान सैदपुर अड्डा निवासी 40 वर्षीय कमल सिंह रैदास के रूप में की।
पहचान के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर उसे परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद मृत मानकर अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
पत्नी को नहीं हुआ यकीन, फोन से खुला पूरा राज
कमल सिंह रैदास की पत्नी सुनीता को जब पति की मौत की सूचना मिली तो उन्हें इस पर भरोसा नहीं हुआ। उनका कहना था कि कमल सिंह करीब डेढ़ साल से घर से बाहर थे। उन्होंने पति की तलाश शुरू की और जिस मोबाइल नंबर से पहले कमल सिंह ने उन्हें फोन किया था, उसी के जरिए दोबारा संपर्क करने की कोशिश की।
संपर्क होने पर पता चला कि कमल सिंह ग्वालियर में हैं। पत्नी ने उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और तुरंत घर लौटने को कहा।
शुद्धिकरण के दिन घर पहुंचा कमल सिंह, हर कोई रह गया दंग
पत्नी की बात सुनने के बाद कमल सिंह ग्वालियर से अपने घर लौट आए। संयोग से जिस दिन वह घर पहुंचे, उसी दिन उनके नाम पर शुद्धिकरण की रस्म चल रही थी। घर के बाहर जिंदा कमल सिंह को देखकर परिवार और आसपास के लोग हैरान रह गए। जिस व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया जा चुका था, उसके जिंदा लौटने की खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।
तीन लोगों पर दर्ज हुआ मामला, अब असली शव की पहचान चुनौती
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शव की पहचान करने वाले दशरथ, राजेश कुमार और ब्रजभान के खिलाफ अजीतमल कोतवाली में मामला दर्ज किया है। इस संबंध में सब इंस्पेक्टर अभय प्रताप सिंह की ओर से कार्रवाई की गई है।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिस व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया, वह कौन था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Navyug Samachar