Monday , 5 October 2026

‘राजनीति नहीं, गांव की सेवा मेरा लक्ष्य’, अभिजीत दिपके ने भविष्य की योजना का किया खुलासा, CJP की रणनीति भी बताई

नेशनल डेस्क: छात्र आंदोलन के बाद सक्रिय राजनीति में आने की अटकलों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अपने भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति में आने की कोई योजना नहीं है। दिपके का कहना है कि उनका उद्देश्य चुनावी राजनीति नहीं, बल्कि अपने गांव के विकास के लिए काम करना है।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब छात्र आंदोलन के बाद कई बड़े नेता और मंत्री उनसे मुलाकात करने उनके घर पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने साफ किया कि उनका फोकस राजनीति नहीं है।

गांव का सरपंच बनने की जताई इच्छा

अभिजीत दिपके ने कहा कि उनका सबसे बड़ा सपना महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अपने गांव सांतुक पिंपरी का सरपंच बनना है। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से अपने परिवार से यह बात कहते रहे हैं कि भविष्य में गांव का नेतृत्व करना चाहते हैं।

उनका कहना है कि गांव के विकास के लिए अभी बहुत काम किया जाना बाकी है और यदि अवसर मिला तो वह पूरी ईमानदारी से इस दिशा में काम करेंगे।

शिक्षा, सड़क और अस्पताल को बताया प्राथमिकता

दिपके के मुताबिक, यदि उन्हें गांव के लिए काम करने का अवसर मिलता है तो सबसे पहले शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उनका कहना है कि गांव के स्कूलों की स्थिति में सुधार होना चाहिए ताकि बच्चों को बेहतर माहौल में शिक्षा मिल सके।

इसके अलावा उन्होंने गांव की सड़कों और नालियों के विकास के साथ एक अस्पताल बनवाने की इच्छा भी जताई, जिससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

गांव से जुड़ाव आज भी कायम

बातचीत के दौरान अभिजीत दिपके ने अपने बचपन और गांव से जुड़े अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि वह हर साल गर्मियों में दो से तीन महीने अपने गांव में बिताते थे। उनके अनुसार उन्हें अच्छी शिक्षा का अवसर मिला, लेकिन गांव के कई बच्चों को ऐसी सुविधाएं नहीं मिल सकीं।

उन्होंने कहा कि कई बच्चे जर्जर स्कूलों में पढ़ने को मजबूर थे और टूटे हुए फर्श पर बैठकर पढ़ाई करते थे। इन्हीं परिस्थितियों ने उनके भीतर गांव के लिए कुछ करने की भावना पैदा की।

CJP राजनीतिक दल नहीं, प्रेशर ग्रुप की तरह करेगा काम

अभिजीत दिपके ने अपने संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की आगे की रणनीति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि संगठन किसी राजनीतिक दल की तरह काम नहीं करेगा, बल्कि एक प्रेशर ग्रुप के रूप में जनता के मुद्दों को उठाएगा।

उनका कहना है कि लोकतंत्र में जितने अधिक प्रेशर ग्रुप होंगे, जनता की आवाज उतनी ही मजबूती से उठाई जा सकेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में नए लोग आगे आएंगे और नए जनआंदोलन भी देखने को मिलेंगे।

अमेरिका में हुई थी CJP की शुरुआत

दिपके ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत उन्होंने अमेरिका में पढ़ाई के दौरान की थी। छात्र आंदोलन के बाद यह संगठन लगातार चर्चा में रहा और अब आगे की रणनीति तय करने की दिशा में काम कर रहा है।

5 अगस्त को होगी अहम बैठक

रिपोर्ट के अनुसार, CJP के प्रमुख सदस्य 5 अगस्त को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अभिजीत दिपके के आवास पर बैठक करेंगे। बताया गया है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के विरोध में चले आंदोलन के बाद स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं से सुझाव जुटाने की जिम्मेदारी दी गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में संगठन की भविष्य की रणनीति, कार्ययोजना और आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक के बाद CJP की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भविष्य के फैसलों और योजनाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …