
यूपी डेस्क: सावन के पवित्र महीने में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के बीच इस बार एक अनोखी कांवड़ चर्चा का विषय बन गई। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से आए शिवभक्तों की एक टोली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम की कांवड़ लेकर यात्रा कर रही है। मंगलवार रात जब यह टोली मुजफ्फरनगर पहुंची तो कांवड़ पर लगे दोनों नेताओं के बड़े पोस्टर लोगों का ध्यान खींचने लगे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
1 अगस्त को हरिद्वार से शुरू की पैदल यात्रा
कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने 1 अगस्त को हरिद्वार की हर की पौड़ी से गंगाजल भरकर बुलंदशहर के लिए पैदल यात्रा शुरू की थी। टोली में पांच से छह शिवभक्त शामिल हैं। उनका कहना है कि उन्होंने गंगा मैया और भगवान शिव से प्रार्थना की है कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ तीसरी बार मुख्यमंत्री बनें और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनें।
कांवड़ पर भगवान शिव के साथ मोदी और योगी के पोस्टर
इस कांवड़ की खास बात यह है कि भगवान शिव की तस्वीरों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बड़े-बड़े पोस्टर भी लगाए गए हैं। टोली के सदस्य नीरज ने बताया कि वे दोनों नेताओं को भगवान की तरह मानते हैं। इसी आस्था के चलते वे उनके नाम की कांवड़ लेकर यात्रा कर रहे हैं। उनका दावा है कि वर्ष 2025 में भी वे इसी तरह की कांवड़ लेकर आए थे।
गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की उठाई मांग
कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग भी दोहराई। नीरज ने कहा कि पिछली बार भी उन्होंने इसी मांग के साथ कांवड़ यात्रा की थी और इस बार भी गंगा मैया तथा भगवान शिव से यही प्रार्थना की है कि उनकी यह मांग पूरी हो। उनका कहना है कि सरकार ने कई अच्छे कार्य किए हैं और अब गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान भी मिलना चाहिए।
मुस्लिम युवक भी बना कांवड़ यात्रा का हिस्सा
इस टोली में दिल्ली निवासी समीर नाम का एक मुस्लिम युवक भी शामिल है। समीर ने बताया कि वह पहली बार श्रद्धा के साथ कांवड़ यात्रा कर रहा है। उसके मुताबिक, उसके ताऊ हिंदू हैं और उन्हीं की प्रेरणा से वह इस यात्रा में शामिल हुआ। समीर ने कहा कि वह दोनों धर्मों का सम्मान करता है और भगवान शिव से गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलने की प्रार्थना कर रहा है।
उत्तराखंड पुलिस की व्यवस्था पर जताई नाराजगी
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने उत्तराखंड पुलिस की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की। उनका आरोप है कि कुछ स्थानों पर कांवड़ यात्रियों के साथ सख्ती की गई। उन्होंने प्रशासन से कांवड़ियों के साथ बेहतर व्यवहार और सुविधाएं सुनिश्चित करने की अपील की।
Navyug Samachar