Monday , 5 October 2026

बुर्के में कांवड़ यात्रा पर तमन्ना मलिक को नोटिस, कोर्ट में पेशी का आदेश; नहीं पहुंचीं तो जारी हो सकता है वारंट

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के संभल में बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाली तमन्ना मलिक एक बार फिर चर्चा में हैं। एसडीएम कोर्ट ने तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को नोटिस जारी कर कोर्ट में पेश होकर बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की वजह बताने का आदेश दिया है। प्रशासन ने इस मामले में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई है।

तमन्ना मलिक और पति को 20-20 हजार रुपये के मुचलके से किया गया पाबंद

पूरा मामला संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के बदनपुर बसई गांव का है। यहां रहने वाली तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 135 के तहत नोटिस जारी किया गया है।

एसडीएम कोर्ट ने दोनों को छह महीने के लिए 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगर दोनों अगली सुनवाई में भी पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ वारंट जारी किया जा सकता है।

पिछले साल भी बुर्के में कांवड़ लेकर आई थीं तमन्ना

तमन्ना मलिक पिछले साल भी अपने पति अमन त्यागी के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल हुई थीं। बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की वजह से वह उस समय भी सुर्खियों में आई थीं। इस बार तमन्ना ने गुरुवार को हरिद्वार जाकर कांवड़ लाने की बात कही है।

प्रशासन के मुताबिक, असमोली थाने से मिली पिछली चालानी रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। रिपोर्ट में कहा गया था कि अमन त्यागी और तमन्ना मलिक अलग-अलग समुदाय से हैं और उनके कांवड़ यात्रा में शामिल होने से क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।

कोर्ट में पेश नहीं हुए तो दोबारा भेजा गया नोटिस

एसडीएम के अनुसार, तमन्ना मलिक और अमन त्यागी को पहले 31 जुलाई 2026 को न्यायालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया था, लेकिन दोनों पेश नहीं हुए। इसके बाद उन्हें दोबारा नोटिस जारी किया गया।

पति अमन त्यागी ने प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल

तमन्ना मलिक के पति अमन त्यागी ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए उन्हें रोकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सुरक्षा और सहयोग देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय उन्हें नोटिस दिया जा रहा है।

अमन त्यागी ने दावा किया कि तमन्ना मलिक को महाराष्ट्र की एक महिला ने फोन कर एसिड अटैक की धमकी दी थी। उन्होंने सरकार से सुरक्षा देने की मांग की है।

हरिद्वार जाने और कांवड़ लाने की बात पर अड़े

अमन त्यागी ने कहा कि वह अपनी पत्नी के साथ हरिद्वार जाएंगे और गाजियाबाद की मुस्लिम महिला अनीशा बानो का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली बार कांवड़ यात्रा के दौरान उन्हें लोगों का सम्मान मिला था, लेकिन इस बार प्रशासन पहले से ही रोकने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब उन्होंने किसी की भावना आहत करने वाली कोई बात नहीं कही है तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों की जा रही है।

पहनावे को लेकर अमन त्यागी ने बताया व्यक्तिगत अधिकार

अमन त्यागी ने कहा कि तमन्ना मलिक अपनी इच्छा के अनुसार कपड़े पहनकर कांवड़ यात्रा करेंगी। उनका कहना है कि संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जो किसी व्यक्ति को अपनी पसंद के कपड़े पहनने से रोकता हो।

उन्होंने कहा कि अगर पहनावे से किसी की भावना आहत होने की बात कही जा रही है तो प्रशासन को इस पर भी विचार करना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि वह नोटिस मिलने के बाद अपनी जमानत की प्रक्रिया पूरी करने आए हैं और तमन्ना अपनी आस्था के अनुसार यात्रा करेंगी।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …