
यूपी डेस्क: बहुजन समाज पार्टी के रसड़ा (बलिया) से विधायक उमाशंकर सिंह के निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर देर रात दिल्ली से लखनऊ के गोमती नगर स्थित आवास लाया गया। गुरुवार को बसपा सुप्रीमो मायावती ने उनके आवास पहुंचकर दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक अंतिम दर्शन के लिए मौजूद रहे।
दिवंगत विधायक के बेटे यूकस सिंह भी इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौजूद रहे। लखनऊ में अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव खनवर, जिला बलिया ले जाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा
उमाशंकर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मायावती ने कहा कि उन्होंने जीवनभर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ बहुजन समाज पार्टी का साथ निभाया और कभी पार्टी के साथ विश्वासघात नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पार्टी पूरी मजबूती से दिवंगत विधायक के परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहयोग करेगी।
बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाने का दिया संकेत
मायावती ने कहा कि यदि परिवार की इच्छा होगी तो उमाशंकर सिंह के बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी उन्हें उचित सम्मान और जिम्मेदारी देने पर विचार करेगी।
उमाशंकर सिंह के निधन से बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक का माहौल है। उनके अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ स्थित आवास पर पूरे दिन नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का आना-जाना लगा रहा।
Navyug Samachar