Monday , 5 October 2026

PM मोदी से राघव चड्ढा की मुलाकात से बढ़ी सियासी हलचल, क्या पंजाब चुनाव से पहले मिलने वाली है बड़ी जिम्मेदारी?

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शनिवार को राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए दी और इसे “यादगार सुबह” बताया। पिछले कुछ दिनों के भीतर प्रधानमंत्री और राघव चड्ढा के बीच यह दूसरी मुलाकात होने से पंजाब की राजनीति में नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें किसी अहम भूमिका में देखा जा सकता है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में क्या बोले राघव चड्ढा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ तस्वीरें साझा करते हुए राघव चड्ढा ने लिखा कि उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच विस्तृत और ज्ञानवर्धक चर्चा हुई। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के समय, मार्गदर्शन और अनुभव के लिए आभार भी जताया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि बातचीत किन मुद्दों पर केंद्रित रही।

पंजाब चुनाव से पहले तेज हुई राजनीतिक अटकलें

पंजाब से आम आदमी पार्टी के छह राज्यसभा सांसदों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राघव चड्ढा की प्रधानमंत्री से मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में राज्यसभा सांसदों के साथ मुलाकात के दौरान राघव चड्ढा और अन्य सांसदों से बातचीत की थी। ऐसे में लगातार हो रही मुलाकातों को पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात के बाद और बढ़ी चर्चा

राघव चड्ढा की प्रधानमंत्री से मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब शुक्रवार को भाजपा की पूर्व सहयोगी पार्टी के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। उस बैठक के बाद दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं। हालांकि, अब तक किसी भी पक्ष की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

राघव चड्ढा के नाम पर क्यों है सबसे ज्यादा सस्पेंस?

साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। उस चुनाव में जालंधर से जुड़े राघव चड्ढा ने पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी। उन्होंने स्वयं चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन उस समय उन्हें पंजाब की राजनीति में पार्टी का एक अहम चेहरा माना जाता था। भगवंत मान सरकार के शुरुआती दौर में भी उनकी सक्रिय भूमिका चर्चा में रही। बाद में राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं और वह आम आदमी पार्टी से अलग हो गए। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद हैं।

क्या भाजपा देगी अहम जिम्मेदारी?

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राघव चड्ढा की सक्रियता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लगातार हो रही मुलाकातों के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक भारतीय जनता पार्टी या राघव चड्ढा की ओर से कोई आधिकारिक बयान या संकेत जारी नहीं किया गया है।

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …