Monday , 5 October 2026

रांची में लाठीचार्ज और वाटर कैनन के बीच ‘पुष्पा’ की एंट्री, बोला- ‘झुकेगा नहीं’, छात्रों के समर्थन में पहुंचा युवक

झारखंड डेस्क: रांची में छात्रों का प्रदर्शन सोमवार को उस वक्त और चर्चा में आ गया, जब एक युवक फिल्मी किरदार ‘पुष्पा’ के अंदाज में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचा। विधानसभा का घेराव करने की कोशिश कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद छात्रों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन स्थल पर पहुंच रहे हैं। इसी दौरान ‘पुष्पा’ के रूप में पहुंचे युवक ने अपने अंदाज में छात्रों का समर्थन किया और कहा कि झारखंड के छात्र न्याय मिलने तक न झुकेंगे और न रुकेंगे।

पुष्पा के अंदाज में पहुंचा युवक, बोला- राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचे छात्रों की आवाज

प्रदर्शन में पहुंचे युवक ने फिल्म के किरदार ‘पुष्पा’ जैसा हुलिया बनाया हुआ था। उसने उसी अंदाज में सरकार को संदेश देते हुए कहा, “झारखंड के स्टूडेंट्स झुकेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं, जब तक न्याय मिलेगा नहीं।”

युवक ने बताया कि वह इस रूप में इसलिए पहुंचा, ताकि छात्रों का आंदोलन राष्ट्रीय मीडिया और ज्यादा लोगों का ध्यान खींच सके। उसका कहना था कि दूसरे छात्र आंदोलनों में बड़े अभिनेता और सोशल मीडिया से जुड़े लोग समर्थन देने पहुंचे थे। ऐसे में झारखंड के छात्रों के साथ भी किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।

‘पुष्पा’ के साथ प्रदर्शन में दिखा ‘स्पाइडर-मैन’

रांची के प्रदर्शन में सिर्फ ‘पुष्पा’ ही आकर्षण का केंद्र नहीं रहा। प्रदर्शन स्थल पर ‘स्पाइडर-मैन’ के रूप में भी एक व्यक्ति नजर आया। इन फिल्मी किरदारों के रूप में पहुंचे लोगों का मकसद लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन की ओर ज्यादा से ज्यादा लोगों का ध्यान खींचना माना जा रहा है।

छात्रों का यह आंदोलन दो सप्ताह से ज्यादा समय से जारी है। जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्र रांची में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन के बाद भी डटे छात्र

सोमवार सुबह करीब 9 बजे हजारों छात्र विधानसभा मार्च के लिए जुटे थे। शाम चार बजे के बाद भी प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।

प्रदर्शनकारी तमाम बंदिशों को पार करते हुए खेतों और कच्चे रास्तों से आगे बढ़े और दोपहर तक नए विधानसभा भवन से करीब 200 मीटर की दूरी तक पहुंच गए।

जयराम महतो ने प्रदर्शनकारियों से की बातचीत

प्रदर्शन के दौरान जेएलकेएम विधायक जयराम महतो भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें समझाने की कोशिश की। इसके बाद छात्र सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और लगातार नारेबाजी करते रहे।

विधानसभा घेराव स्थल पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के बीच प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच गतिरोध बना हुआ है। लंबे समय से जारी आंदोलन के बीच सोमवार की घटनाओं और प्रदर्शन में फिल्मी किरदारों की मौजूदगी ने इस विरोध प्रदर्शन को एक अलग रंग दे दिया।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …