
नेशनल डेस्क: बिग बॉस 20 में इस हफ्ते मिड नाइट एविक्शन ने घरवालों के साथ-साथ दर्शकों को भी चौंका दिया है। मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी को आधी रात शो से बाहर कर दिया गया है। खास बात यह है कि रीति का एविक्शन सामान्य वोटिंग के आधार पर नहीं, बल्कि घर के कुछ कंटेस्टेंट्स को मिली विशेष शक्ति के जरिए हुआ है।
बिग बॉस 20 में लगातार बदल रहा एविक्शन का खेल
बिग बॉस 20 की शुरुआत में मेकर्स ने कंटेस्टेंट्स को ‘तथास्तु वरदान’ दिया था। इस वरदान का इस्तेमाल कर कंटेस्टेंट एविक्शन से बच सकते थे। सबसे पहले कनिका मना ने इस शक्ति का इस्तेमाल किया था। इसके बाद उदिति सिंह ने एविक्शन के समय इस वरदान का प्रयोग किया।
इसके बाद बिग बॉस 20 के घर से रोहेद खान और फिर इस हफ्ते ईशा रिखी एविक्ट हो चुकी हैं। इनके बाद बिग बॉस ने घरवालों को एक ऐसा टास्क दिया, जिसने इस हफ्ते के नॉमिनेशन को पूरी तरह बदल दिया।
सहमति नहीं बनी तो जोड़ी के सभी सदस्य हुए नॉमिनेट
इस टास्क में कंटेस्टेंट्स को जोड़ियों में आपसी सहमति से किसी कंटेस्टेंट को नॉमिनेट करना था। जिस जोड़ी के बीच सहमति नहीं बनती, उस जोड़ी के कंटेस्टेंट्स को ही नॉमिनेशन का सामना करना था। इस प्रक्रिया के चलते बिग बॉस 20 के आधे से ज्यादा घरवाले इस हफ्ते नॉमिनेट हो गए।
इसी बीच अब शो में मिड नाइट एविक्शन ने पूरे समीकरण बदल दिए हैं। इस हफ्ते घर से बाहर होने के लिए कॉजी तौकीर, यंग डीएसए, माही विज, अमन गांधी, रीति तिवारी, मैरी कॉम समेत कई कंटेस्टेंट्स नॉमिनेट हुए थे।
वोटिंग ट्रेंड में काजी और यंग डीएसए आगे
वोटिंग ट्रेंड की बात करें तो काजी तौकीर और यंग डीएसए लगातार पहले और दूसरे स्थान पर अपनी पकड़ बनाए हुए हैं। वहीं सबसे कम वोट पाने वाले कंटेस्टेंट्स में रीति तिवारी और मैरी कॉम का नाम सामने आ रहा था। ऐसे में माना जा रहा था कि दोनों में से किसी एक को वीकेंड का वार के दौरान घर से बेघर किया जा सकता है।
लेकिन बिग बॉस ने इस बार एविक्शन का तरीका ही बदल दिया।
कैप्टन के दावेदारों को मिली एविक्शन की खास ताकत
इस हफ्ते कैप्टन पद के दावेदार बने यंग डीएसए, माही विज और उदिति को एक खास अधिकार दिया गया। तीनों को आपसी सहमति से किसी एक कंटेस्टेंट को शो से बाहर करने का फैसला करना था।
तीनों ने आपसी सहमति से मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी को एविक्ट करने का फैसला लिया। इसके बाद रीति तिवारी का रातों-रात बिग बॉस 20 से सफर खत्म हो गया।
क्या इस हफ्ते होगा डबल एविक्शन?
रीति तिवारी के मिड नाइट एविक्शन के बाद अब बिग बॉस 20 में डबल एविक्शन की संभावना भी बनती नजर आ रही है। माना जा रहा है कि एक और कंटेस्टेंट को वीकेंड का वार में घर से बाहर किया जा सकता है।
वोटिंग ट्रेंड के मुताबिक मैरी कॉम के इस एविक्शन की चपेट में आने की संभावना ज्यादा बताई जा रही है। हालांकि इस हफ्ते वीकेंड का वार में क्या फैसला होता है, यह शो के अगले एपिसोड में स्पष्ट होगा।
Navyug Samachar