Tuesday , 6 October 2026

UPSC ESE 2027 के आवेदन की आज आखिरी तारीख, 480 पदों पर भर्ती; इंजीनियरिंग डिग्री वालों के पास अब आखिरी मौका

संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी की इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जामिनेशन (ESE) 2027 के लिए आवेदन करने की आज यानी 6 अक्टूबर 2026 आखिरी तारीख है। इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल कर चुके इच्छुक उम्मीदवार जल्द आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के जरिए केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों में इंजीनियरिंग से जुड़े कुल 480 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

31 जनवरी 2027 को होगी प्रारंभिक परीक्षा

UPSC ESE 2027 की प्रारंभिक परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

प्रारंभिक परीक्षा कुल 500 अंकों की होगी। इसमें जनरल स्टडीज और इंजीनियरिंग एप्टिट्यूड के 200 अंक और संबंधित इंजीनियरिंग विषय के 300 अंक होंगे।

480 पदों पर होगी भर्ती

आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, ESE 2027 के जरिए कुल 480 रिक्त पद भरे जाएंगे। इनमें 19 पद दिव्यांगजन उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। इनमें 11 पद लोकोमोटर डिसेबिलिटी वाले उम्मीदवारों के लिए हैं, जिसमें कुष्ठ रोग से ठीक हो चुके व्यक्ति, बौनापन, एसिड अटैक पीड़ित और मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से प्रभावित उम्मीदवार शामिल हैं।

इसके अलावा 6 पद कम सुनने, 1 पद कम देखने और 1 पद विशिष्ट सीखने संबंधी अक्षमता और मानसिक बीमारी वाले उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं।

आवेदन कैसे करें?

उम्मीदवारों को आवेदन के लिए यूपीएससी की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद ESE 2027 के आवेदन लिंक पर जाकर फॉर्म भरना होगा। आवेदन पूरा करने के बाद निर्धारित शुल्क का भुगतान कर फॉर्म जमा करना होगा।

आवेदन जमा करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना होगा।

आवेदन शुल्क कितना है?

UPSC ESE 2027 के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है। महिला उम्मीदवारों के साथ SC, ST और PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान बैंक के माध्यम से या क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और UPI से किया जा सकता है।

कौन कर सकता है आवेदन?

आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में बीई या बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। इसमें सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शामिल हैं।

उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

 

Check Also

NCERT की बड़ी पहल, कक्षा 6-8 के विज्ञान शिक्षकों के लिए शुरू हुआ 40 सप्ताह का ऑनलाइन डिप्लोमा; जानें फीस और पात्रता

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद यानी NCERT ने कक्षा 6 से 8 …