Tuesday , 6 October 2026

अमिताभ बच्चन ने बाबू पट्टी गांव से मांगी माफी, 20 साल पहले बनी लाइब्रेरी बदहाल; बोले- जल्द शुरू होगी, लोगों ने उठाए सवाल

मनोरंजन डेस्क: क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन अपने पुश्तैनी गांव बाबू पट्टी को याद कर भावुक हो गए। प्रतापगढ़ से जुड़े कंटेस्टेंट चंद्र प्रकाश तिवारी से बातचीत के दौरान अमिताभ ने गांव में बच्चों के लिए लाइब्रेरी शुरू करने में हुई देरी को लेकर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी की इमारत तैयार है और जरूरी सामान व किताबें रखकर इसे जल्द शुरू किया जाएगा।

बाबू पट्टी का नाम सुनकर भावुक हुए अमिताभ

कंटेस्टेंट चंद्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि उनका संबंध प्रतापगढ़ से है। बाबू पट्टी का नाम सुनते ही अमिताभ बच्चन ने अपने पूर्वजों को याद किया। उन्होंने बताया कि बाबू पट्टी उनके पूर्वजों की जन्मभूमि है और उनके पिता, मशहूर हिंदी कवि हरिवंश राय बच्चन, इसी गांव से थे।

अमिताभ ने बताया कि बाबू पट्टी उनके पिता के गांव से जुड़ा हुआ है और उनके पूर्वज वहीं से आए थे।

जया बच्चन ने दिया था लाइब्रेरी बनाने का सुझाव

अमिताभ बच्चन ने बताया कि उनकी पत्नी और अभिनेत्री जया बच्चन जब उनके साथ गांव गई थीं, तब उन्होंने देखा कि गांव के बच्चों के पास पढ़ाई के लिए कोई उचित जगह नहीं है। इसके बाद दोनों ने गांव में बच्चों के लिए लाइब्रेरी बनाने की योजना बनाई।

अमिताभ के मुताबिक, लाइब्रेरी की इमारत बनकर तैयार हो चुकी है, लेकिन कुछ अड़चनों के कारण अब तक वहां जरूरी सुविधाएं नहीं लग पाईं और लाइब्रेरी शुरू नहीं हो सकी।

अमिताभ बोले- बाबू पट्टी के लोगों से माफी मांगते हैं

शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने बाबू पट्टी के ग्रामीणों से लाइब्रेरी शुरू होने में हुई देरी के लिए माफी मांगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है और लाइब्रेरी जल्द खोली जाएगी।

उन्होंने कहा कि इमारत तैयार है और अब उसमें जरूरी सामान और किताबें रखी जाएंगी, ताकि गांव के बच्चे वहां पढ़ाई कर सकें।

2006 में जया बच्चन और अमर सिंह ने किया था उद्घाटन

करीब 20 साल पहले वर्ष 2006 में जया बच्चन और पूर्व सांसद अमर सिंह ने डॉ. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में ‘डॉ. हरिवंश राय बच्चन स्मारक पुस्तकालय’ का उद्घाटन किया था।

उद्घाटन के बाद रखरखाव की कमी और कुछ अड़चनों के चलते लाइब्रेरी सुचारु रूप से शुरू नहीं हो सकी। समय के साथ इसकी इमारत भी जर्जर हो गई।

सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल

अमिताभ बच्चन के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। कुछ लोगों ने गांव और लाइब्रेरी की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। एक यूजर ने कहा कि अमिताभ और अभिषेक बच्चन को अपने गांव के लिए कुछ ऐसा करना चाहिए जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें।

वहीं, कुछ यूजर्स ने लाइब्रेरी की मौजूदा हालत को लेकर नाराजगी जताई। एक टिप्पणी में कहा गया कि केवल बात करने और काम करने में अंतर होता है। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि लाइब्रेरी की इमारत की हालत अब काफी खराब है और उसे देखने तक कोई नहीं गया।

कुछ यूजर्स ने अमिताभ से प्रतापगढ़ के लिए स्टेडियम, लाइब्रेरी या रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसी पहल करने की भी अपील की।

 

Check Also

Bigg Boss 20: इस हफ्ते घर से बेघर होने के लिए ये 7 कंटेस्टेंट नॉमिनेट, जानें किस पर मंडरा रहा एविक्शन का खतरा

मनोरंजन डेस्क: बिग बॉस 20 में इस हफ्ते नॉमिनेशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। …