Tuesday , 6 October 2026

‘उबर के ऐप पर जितना दिखा, उतना ही दूंगी’, अमेरिकी महिला से टोल के एक्स्ट्रा पैसे मांगने पर ड्राइवर ने बीच रास्ते उतारा

नेशनल डेस्क: भारत आई एक अमेरिकी महिला और उबर ड्राइवर के बीच अतिरिक्त पैसे मांगने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि ड्राइवर ने यात्रा शुरू होने के कुछ मिनट बाद किराया कम बताते हुए टोल के लिए अलग से पैसे मांगे। महिला ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार किया तो ड्राइवर ने उसे बीच रास्ते गाड़ी से उतरने के लिए कह दिया।

राइड शुरू होने के कुछ मिनट बाद मांगे अतिरिक्त पैसे

अमेरिका से ऑस्ट्रेलिया होते हुए भारत आई डाना मैरी ने बताया कि वह ऐसी जगह जा रही थीं, जहां पार्किंग मिलना मुश्किल था। वहां पहुंचने के लिए उन्होंने उबर की राइड ली थी और यात्रा ठीक रही।

घर लौटने के लिए उन्होंने दूसरी उबर बुक की। डाना के मुताबिक, राइड शुरू होने के करीब 3 से 5 मिनट बाद ड्राइवर ने कहा कि किराया कम है और टोल के लिए उन्हें अलग से पैसे देने होंगे।

महिला बोलीं- किराए में टोल शामिल है

डाना मैरी का कहना है कि उन्होंने ड्राइवर को बताया कि टोल का पैसा किराए में ही शामिल है। उनका दावा है कि वह पहले भी इसी रास्ते से जा चुकी हैं और किसी अन्य ड्राइवर ने टोल के लिए अलग से पैसे नहीं मांगे थे।

महिला ने ड्राइवर से कहा कि इस बारे में उबर से फोन करके पुष्टि की जा सकती है। इसके बाद विवाद बढ़ गया।

व्यस्त चौराहे पर उतरने को कहा

डाना के मुताबिक, ड्राइवर ने उन्हें एक व्यस्त तीन-रास्ते वाले चौराहे के बीच में कार से उतरने के लिए कहा। जब उन्होंने उतरने से इनकार किया तो ड्राइवर ने गाड़ी किनारे लगाई और उन्हें गालियां देने लगा।

महिला ने बताया कि स्थिति के कारण उन्हें मजबूर होकर कार से उतरना पड़ा। इसके बाद उन्होंने करीब 10 मिनट तक दूसरी कैब का इंतजार किया। डाना का कहना है कि उस इलाके में उन्हें सुरक्षित वाहन मिलना भी मुश्किल हो रहा था।

दूसरे ड्राइवर ने बिना अतिरिक्त टोल के छोड़ा

डाना के अनुसार, इसके बाद दूसरा उबर ड्राइवर आया और उसने टोल के लिए कोई अतिरिक्त रकम नहीं मांगी। उसने उन्हें घर तक पहुंचाया, जैसा कि इस रास्ते पर पहले अन्य ड्राइवर भी करते रहे थे।

महिला ने बाद में उबर से संपर्क कर किराए की जानकारी की। उनके मुताबिक, कंपनी से पुष्टि हुई कि टोल उनके किराए में ही शामिल था। इसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत भी दर्ज कराई।

महिला ने ड्राइवर पर कार्रवाई की मांग की

डाना मैरी ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें लगता है कि इस तरह की घटना का सामना करने वाली वह अकेली महिला नहीं हैं। उन्होंने इसे खतरनाक बताते हुए ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग की।

उन्होंने अपने वीडियो में संबंधित वाहन का नंबर KA52B5047 भी दिखाया। घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने डाना का समर्थन किया और संबंधित ड्राइवर की शिकायत करने की बात कही।

सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराजगी

एक यूजर ने घटना को लेकर कार्रवाई की मांग करते हुए ड्राइवर का नाम और नंबर सामने लाने की बात कही। वहीं, एक अन्य यूजर ने बैंगलोर के ट्रैफिक के साथ टैक्सी और ऑटो चालकों की समस्या को लेकर टिप्पणी की। कुछ अन्य लोगों ने भी संबंधित ड्राइवर को रिपोर्ट करने की अपील की।

 

Check Also

समुद्र के नीचे मिले 11,742 वायरस, 99% से वैज्ञानिक भी अनजान; 3 साल पुरानी इस खोज ने चौंकाया, जानें क्या मिला

प्रशांत महासागर: समुद्र की गहराई में आज भी ऐसी दुनिया मौजूद है, जिसके बारे में …