Monday , 2 November 2026

झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत

झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की जान चली गई। हादसा उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में हुआ, जहां काम कर रहे कई अन्य मजदूर भी बिजली का करंट लगने से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मशीन में करंट फैलते ही मजदूर आए चपेट में

उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल के मुताबिक, सड़क निर्माण के दौरान बजरी मिलाने के लिए एक मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। तार के संपर्क में आते ही मशीन में करंट फैल गया और आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

इस हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए। हादसे के कारणों और परिस्थितियों को लेकर जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख, जांच के निर्देश

हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि झुंझुनूं में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने घटना की जांच कराने के भी आदेश दिए हैं।

घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना

मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।

Check Also

खुशियां मनाकर लौट रहा था परिवार, रास्ते में मौत बनकर आया ट्रक! भीषण टक्कर में 6 की गई जान

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक …