
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। गुरुवार को लखनऊ में सपा के घोषणा पत्र लॉन्च कार्यक्रम के दौरान आजम खान ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि अखिलेश यादव भी कम से कम छह महीने जेल में रहें, ताकि उन्हें कैद की असली तकलीफ और वहां की जिंदगी का एहसास हो सके। मंच पर अखिलेश यादव की मौजूदगी में दिया गया यह बयान आजम खान के खास अंदाज में तंज और दर्द दोनों बयां कर गया।
आजम खान ने अपने जेल के दिनों को याद करते हुए कहा कि वह अक्सर अपने बेटे अब्दुल्ला और अन्य लोगों से बातचीत में यह बात कहते थे कि काश अखिलेश यादव भी कुछ समय जेल में बिताते। इससे उन्हें पता चलता कि जेल के भीतर दिन और रात किस तरह गुजरते हैं और वहां किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। आजम खान के इस बयान ने सपा नेतृत्व के साथ उनके रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं को एक बार फिर हवा दे दी है।
बेटे अब्दुल्ला से जुदाई का दर्द याद कर भावुक हुए आजम
आजम खान ने अपने साढ़े पांच साल के जेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस दौरान उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने जेल स्थानांतरण के दौरान बेटे अब्दुल्ला आजम से अलग किए जाने की घटना का भी जिक्र किया।
आजम खान के मुताबिक, उन्हें और उनके बेटे को अलग-अलग वाहनों में ले जाया जा रहा था। जब उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि उनके बेटे को दूसरी गाड़ी में क्यों बैठाया जा रहा है, तो उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
उस घटना को याद करते हुए आजम खान ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे से कहा था, ‘बेटा, आज शायद हमारी आखिरी मुलाकात है। अगर यहां नहीं मिले तो आखिरी दुनिया में मिलेंगे।’ इस वाकये का जिक्र करते हुए उन्होंने जेल में गुजारे मुश्किल वक्त और परिवार से बिछड़ने के दर्द को सामने रखा।
आजम खान ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार, जेल प्रशासन और प्रवर्तन निदेशालय (ED) सहित जांच एजेंसियों ने उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा कि साढ़े पांच साल तक अंधेरी कोठरी में रहने का असर उनके शरीर, दिल और दिमाग पर पड़ा है। अपनी बातों के दौरान उन्होंने लोगों से माफी भी मांगी।
एक के बाद एक मामलों में मिलती रही जमानत, फिर भी जेल से नहीं निकल पाए
आजम खान के जेल में रहने के दौरान अलग-अलग मुकदमों में उन्हें जमानत मिलती रही, लेकिन एक मामले में राहत मिलने के बाद दूसरे मामले में गिरफ्तारी हो जाती थी। इस वजह से उनकी रिहाई लगातार अटकती रही।
इसी महीने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें उस दिन गिरफ्तार किया, जिस दिन एक अन्य मामले में जमानत मिलने के बाद उनके जेल से बाहर आने की उम्मीद थी। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दी। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस राहत को बरकरार रखा था। शीर्ष अदालत ने टिप्पणी की थी कि आजम खान के जेल से बाहर आने से आसमान नहीं टूट पड़ेगा।
अखिलेश यादव से नाराजगी की चर्चा, 2022 में कही थी मुलाकात नहीं होने की बात
आजम खान के जेल जाने के बाद से ही अखिलेश यादव के साथ उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत रिश्तों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। वर्ष 2022 में आजम खान ने कहा था कि उन्होंने करीब तीन साल से अखिलेश यादव से मुलाकात नहीं की है। इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच दूरी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई थीं।
हालांकि, अखिलेश यादव बाद में कई बार जेल में आजम खान से मिलने पहुंचे और सार्वजनिक मंचों से उनकी गिरफ्तारी का विरोध भी किया। इसके बावजूद आजम खान के कुछ बयानों के चलते पार्टी नेतृत्व के प्रति उनकी नाराजगी की अटकलें समय-समय पर सामने आती रहीं।
नाराजगी के बीच अखिलेश के दोबारा मुख्यमंत्री बनने का भरोसा
आजम खान ने जेल के अनुभवों को साझा करने के साथ ही अखिलेश यादव के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने साफ कहा कि अखिलेश यादव एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे और उनका राजनीतिक कद भविष्य में इससे भी आगे बढ़ेगा।
आजम खान ने कहा, ‘आज अखिलेश यादव के बारे में कह सकता हूं कि वह बार-बार मुख्यमंत्री बनेंगे और शायद इससे भी बहुत आगे जाएंगे। वह सिर्फ यहीं तक नहीं रहेंगे, बहुत आगे जाएंगे।’
इस तरह एक ही मंच से आजम खान ने जहां अखिलेश यादव को छह महीने जेल में रहने की इच्छा जताकर अपने पुराने दर्द का अहसास कराया, वहीं उनके दोबारा मुख्यमंत्री बनने का भरोसा भी जताया। उनके बयान के दोनों पहलुओं ने सपा की अंदरूनी राजनीति और दोनों नेताओं के रिश्तों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
Navyug Samachar