Monday , 2 November 2026

AAP छोड़ने के एक दिन बाद BJP में जाएंगे जौड़ामाजरा और पठानमाजरा, दिल्ली में थामेंगे पार्टी का दामन

पंजाब डेस्क: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक उठापटक तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) से रविवार को इस्तीफा देने वाले पूर्व विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे। दोनों नेता दिल्ली में भाजपा की सदस्यता लेंगे। इनके साथ कुंवर विजय प्रताप सिंह के भी आज भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

रविवार को दोनों विधायकों ने दिया था इस्तीफा

पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक रहे चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनके साथ सनौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। दोनों नेताओं के इस्तीफे के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

दोनों की विधानसभा सदस्यता रद्द कराने की तैयारी में AAP

आम आदमी पार्टी अब दोनों नेताओं की विधानसभा सदस्यता रद्द कराने की मांग करेगी। पार्टी इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष के सामने मामला उठाएगी। AAP का दावा है कि विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों के चलते दोनों विधायकों को पहले ही पार्टी से निलंबित किया जा चुका था। इसके बाद दोनों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया।

चुनाव से पहले पंजाब में तेज हुई राजनीतिक हलचल

विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने की घटनाओं ने पंजाब की राजनीति को गरमा दिया है। जौड़ामाजरा और पठानमाजरा के भाजपा में शामिल होने से राज्य में राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी नजर दिल्ली में होने वाले उनके औपचारिक पार्टी प्रवेश पर है।

 

Check Also

पंजाब में AAP को बड़ा झटका! विधायक कुंवर विजय प्रताप ने विधानसभा से दिया इस्तीफा, स्पीकर को भेजा पत्र

पंजाब: आम आदमी पार्टी को राज्य में बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। अमृतसर नॉर्थ विधानसभा …