यूपी डेस्क : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि नए विमान उपलब्ध होते ही यहां से लखनऊ और दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले चित्रकूट पहचान के संकट, भय और अव्यवस्था से जूझ रहा था, लेकिन डबल इंजन सरकार के प्रयासों से जिले की तस्वीर तेजी से बदली है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे चित्रकूट की लाइफलाइन बन चुका है और भरतकूप से आगे का निर्माण कार्य भी युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को चित्रकूट में 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चित्रकूट को भारत की पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के वनवास काल में यह भूमि सबसे बड़ा संबल रही है।
शस्त्र और शास्त्र का केंद्र बनेगा चित्रकूट
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम ने इसी पावन भूमि से पूरे भारत की सुरक्षा का संकल्प लिया था। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए चित्रकूट में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही यहां एक बड़ी औद्योगिक इकाई निवेश करने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इंडोनेशिया के साथ हुए समझौते के बाद उत्तर प्रदेश में बनने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्यात किया जाएगा, जो देश की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया है, जिससे शिक्षा और विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही चित्रकूट इंटर कॉलेज के 7 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि यही युवा विकसित चित्रकूट और विकसित भारत-2047 की आधारशिला बनेंगे।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण को काल्पनिक बताते थे, वही आज राजनीतिक स्वार्थ के लिए अयोध्या और चित्रकूट को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें जनता के टैक्स का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल और वक्फ के नाम पर जमीनों पर अवैध कब्जे कराने में खर्च करती थीं, जबकि वर्तमान सरकार महर्षि वाल्मीकि के लालापुर आश्रम, संत तुलसीदास की जन्मभूमि राजापुर, मंदाकिनी तट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के विकास पर निवेश कर रही है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में कब्जाई गई 64 हजार एकड़ सरकारी और गरीबों की जमीन को मुक्त कराया गया है, जहां अब विश्वविद्यालय, अस्पताल और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की जा रही है।
सरकारी योजनाओं का हर वर्ग को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं। गरीब परिवारों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस और पांच लाख रुपये तक का आयुष्मान स्वास्थ्य सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चित्रकूट में आध्यात्मिक पर्यटन के साथ रानीपुर टाइगर रिजर्व के माध्यम से ईको-टूरिज्म को भी विकसित किया जा रहा है।
चित्रकूट के विकास को लेकर कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वर्ष 2022 में चित्रकूट में भाजपा का विधायक और 2024 में सांसद भी भाजपा का होता तो जिले का विकास और तेज गति से होता। उन्होंने कहा कि समान विचारधारा की सरकार, विधायक और सांसद होने पर विकास कार्यों में गति आती है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पास विकास का कोई स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं था।
अयोध्या और आस्था के मुद्दे पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था नहीं रखतीं और भारत की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान नहीं कर सकतीं। उन्होंने अयोध्या मंदिर चढ़ावा मामले में एसआईटी जांच का उल्लेख करते हुए कहा कि जांच में लगभग 150 लोगों में से केवल 8 लोगों की भूमिका सामने आई, जिनमें छह चोरी और दो साजिश में शामिल पाए गए। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है, लेकिन पूरे ट्रस्ट, अयोध्या और भगवान श्रीराम की विरासत को बदनाम करना उचित नहीं है।
Navyug Samachar
