नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें शनिवार को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट में पेश किया। दीपके के खिलाफ यह दूसरी बार निवारक कार्रवाई की गई है। पिछले बेल बॉन्ड की शर्तों के उल्लंघन के मामले में उन्हें कुछ दिनों के लिए तिहाड़ जेल भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है।
शांति भंग के आरोप में कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा से संबंधित निवारक कार्रवाई के तहत धारा 126/170 में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें मंदिर थाने ले जाया गया, जहां से दोपहर में SEM कोर्ट में पेश किया गया।
दीपके पर पहले भी निवारक कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे में पिछले बेल बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन किए जाने की स्थिति में उन्हें जेल भेजा जा सकता है। हालांकि, तिहाड़ जेल भेजे जाने को लेकर अंतिम निर्णय संबंधित प्रक्रिया के तहत होगा।
सौरव दास और आशुतोष रांका पहले से तिहाड़ में बंद
CJP के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं। सुरक्षा कारणों से दोनों को अलग-अलग बैरक में रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें आम कैदियों से अलग रखा गया है, ताकि उनके साथ किसी तरह की मारपीट या दुर्व्यवहार की आशंका से बचा जा सके।
दीपके के खिलाफ हुई कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब संगठन से जुड़े अन्य लोगों पर भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।
नेहा बोरा को हिदायत देकर छोड़ा
इससे पहले शुक्रवार को वामपंथी छात्र संगठन आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया। अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी से पहले इस मामले को लेकर भी चर्चा हुई थी।
Navyug Samachar
