
यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर दौरे के दौरान जनता से सीधा संवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार जरूरतमंद लोगों के इलाज और आवास की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगातार दूसरे दिन आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और आवास की जरूरत वाले परिवारों को मकान दिलाने का आश्वासन दिया।
करीब 200 लोगों से मिले मुख्यमंत्री, सुनीं समस्याएं
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने मौजूद लोगों के बीच पहुंचकर उन्होंने एक-एक कर सभी की शिकायतें और मांगें सुनीं।
मुख्यमंत्री ने संबंधित मामलों के प्रार्थना पत्र लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से किया जाए।
अधिकारियों को दिए संवेदनशीलता के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं को सिर्फ औपचारिक प्रक्रिया न माना जाए, बल्कि संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जमीन कब्जाने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश
भूमि विवाद और कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
Navyug Samachar