Thursday , 24 September 2026

अखिलेश के PDA रथ पर दयाशंकर सिंह का तंज, बोले- ‘उन्हें भी पता है फिर से भगवा आ रहा’

लखनऊ: योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता दयाशंकर सिंह ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा अध्यक्ष खुद PDA की परिभाषा को लेकर स्पष्ट नहीं हैं। दयाशंकर सिंह के मुताबिक, समय-समय पर PDA की अलग-अलग व्याख्या की जाती है।

PDA की परिभाषा को लेकर दयाशंकर सिंह का हमला

दयाशंकर सिंह ने कहा कि कभी PDA का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक बताया जाता है, तो कभी इसमें पंडित और आधी आबादी को भी शामिल किया जाता है। उन्होंने PDA को अखिलेश यादव का जुमला बताया और आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सोच PDA की नहीं, बल्कि परिवारवादी है।

भगवा रथ को लेकर भी साधा निशाना

भाजपा नेता ने अखिलेश यादव के PDA रथ के भगवा रंग को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता में भगवा रंग को लेकर बढ़ते रुझान को देखते हुए अखिलेश यादव ने अपने PDA रथ का रंग भी भगवा करवा लिया है। दयाशंकर सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की सत्ता में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की तीसरी बार वापसी होगी।

दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव भी मानकर चल रहे हैं कि भगवा ही जीतेगा, इसलिए उनके PDA रथ का रंग भी भगवा है। उन्होंने इसी के जरिए सपा प्रमुख पर राजनीतिक तंज कसा।

रायबरेली से PDA रथ यात्रा का आगाज

अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली से पहली बार PDA रथ यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इस यात्रा का कार्यक्रम तय किया है। सहयोगी दल कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले रायबरेली से यात्रा शुरू करके सपा की ओर से अलग राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की जा रही है।

रायबरेली में 17 सितंबर को फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद जिले की युवा राजनीति गरमाई हुई है। ऐसे माहौल में सपा की ओर से रथ यात्रा के जरिए अपना राजनीतिक संदेश देने की तैयारी की गई है। अखिलेश यादव बछरावां के ग्राम चुरुआ से रथ यात्रा शुरू करेंगे।

हरचंदपुर विधायक के आवास पहुंचेंगे अखिलेश

PDA रथ से अखिलेश यादव और सपा के अन्य नेता रायबरेली में घंटाघर चौराहे के पास स्थित हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचेंगे। यहां अखिलेश यादव करीब साढ़े तीन घंटे तक रुकेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

रथ यात्रा के जरिए सियासी संदेश देने की तैयारी

अखिलेश यादव पहली बार PDA रथ के जरिए अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर रहे हैं। इस दौरान रथ की झलक के साथ राजनीतिक संदेश देने की भी तैयारी है। रायबरेली में छात्र संगठनों के बीच हुए विवाद का मामला पुलिस तक पहुंचा था और सपा नेताओं ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे।

रथ यात्रा की शुरुआत के लिए रायबरेली को चुने जाने के पीछे जिले की विधानसभा सीटों पर सपा के विधायकों का सामाजिक समीकरण भी एक वजह माना जा रहा है। पार्टी की ओर से इस यात्रा को संगठन को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

Check Also

बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 24 नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी; धर्मपाल को फिर यूपी की कमान, देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को 24 संगठनात्मक …