लखनऊ डेस्क : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 16 वर्षीय किशोर और तेंदुए के बीच करीब आधे घंटे तक संघर्ष चला। इस दौरान किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाद में तेंदुआ खेत में मृत अवस्था में पाया गया।
बगीचे में छिपे तेंदुए ने अचानक किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह सिरसिया क्षेत्र के कुथनी गांव स्थित साईंपुरवा इलाके की है। किशोर गुलाम फेरी लगाकर ‘बुढ़िया के बाल’ (कॉटन कैंडी) बेचकर लौट रहा था। इसी दौरान बाबा विभूतिनाथ शिव मंदिर के पास सड़क किनारे स्थित बगीचे में छिपे तेंदुए ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए किशोर ने किया संघर्ष
हमले के बाद किशोर ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए से डटकर मुकाबला किया। दोनों के बीच करीब 30 मिनट तक संघर्ष चलता रहा। किशोर लगातार शोर मचाता रहा, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भीड़ बढ़ती देख तेंदुआ उसे छोड़कर खेत की ओर भाग गया।
गंभीर रूप से घायल हुआ किशोर
हमले में किशोर की दाहिनी आंख के पास गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
कुछ दूरी पर खेत में मृत मिला तेंदुआ
घटना के कुछ घंटों बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे बाद तेंदुआ खेत में मृत अवस्था में मिला। उसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वन विभाग ने शुरू की जांच
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए की उम्र लगभग तीन वर्ष आंकी गई है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Navyug Samachar
