Thursday , 10 September 2026

‘पहले सपा के गुंडे गरीबों को डराते थे’… कुशीनगर से सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा वार, कानून-व्यवस्था और विकास पर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर के टेकुआटार में 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने राज्य सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए विपक्ष, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, विकास और जनकल्याण योजनाओं को लेकर सरकार के कामकाज का भी ब्योरा दिया।

मंदिरों की उपेक्षा का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान मंदिरों की अनदेखी की जाती थी और उनके विकास के लिए मिलने वाले संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं हो पाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पहले धार्मिक स्थलों के विकास के प्रति गंभीर नहीं थे, वही अब धर्म और आस्था पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के निर्माण और विकास को गति मिली है।

‘2017 से पहले विकास की रफ्तार थम गई थी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश विकास के मोर्चे पर पिछड़ रहा था। उनके मुताबिक उस समय सरकार के पास न स्पष्ट नीति थी और न ही विकास के प्रति गंभीरता। उन्होंने कहा कि निवेश प्रभावित था और आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाता था।

समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में सपा के गुंडे गरीबों, व्यापारियों और आम नागरिकों को डराते और परेशान करते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर थे और दंगे तथा अपराध की घटनाएं आम बात थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और आज उत्तर प्रदेश की पहचान “नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा” के रूप में बन रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं और गरीब कल्याण योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों से बड़ी संख्या में बच्चों की मौत होती थी और गरीब परिवारों को समय पर बेहतर इलाज नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है। साथ ही गरीबों को मुफ्त इलाज, राशन, आवास, बिजली, गैस कनेक्शन समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

दियारा क्षेत्र के विकास का दोहराया संकल्प

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने नारायणी नदी के दियारा क्षेत्र का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विकास से वंचित गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से नारायणी नदी पर पुल निर्माण की योजना पर कार्य जारी है। इसके पूरा होने से क्षेत्र में सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाएं बेहतर होंगी।

कुशीनगर एयरपोर्ट से जल्द शुरू होंगी नियमित उड़ानें

मुख्यमंत्री ने कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और नए विमानों की आपूर्ति में हुई देरी के कारण यहां से उड़ानें शुरू नहीं हो सकीं। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवाएं शुरू होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में कुशीनगर एयरपोर्ट को गया और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना है।

 

Check Also

CM विजय का बड़ा ऐलान, स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़कर 25 लाख, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी खुलेंगे

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े …