Thursday , 10 September 2026

काशी विश्वनाथ की तर्ज पर लोधेश्वर महादेव मंदिर में बनेगा भव्य कॉरिडोर, सीएम योगी का बड़ा ऐलान; बोले- ‘पहले कट्टा और बम था, अब ब्रह्मोस है’

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बड़ा ऐलान किया कि लोधेश्वर महादेव मंदिर का विकास काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा और यहां भव्य कॉरिडोर का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भारत की विरासत के प्रतीक लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के लिए बजट भी उपलब्ध कराया है।

लोधेश्वर महादेव मंदिर के लिए कॉरिडोर निर्माण का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर में आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन लंबे समय तक यह मंदिर उपेक्षा का शिकार रहा। उन्होंने कहा कि 1947 से पहले की परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन आजादी के बाद भी मंदिर की ऐसी स्थिति बनी रहना समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने मंदिर के विकास की ओर ध्यान नहीं दिया। अब सरकार ने लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के लिए बजट स्वीकृत किया है और काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर यहां भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह काशी और अयोध्या आने वाले श्रद्धालु आशीर्वाद देकर जाते हैं, उसी तरह कॉरिडोर बनने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालु भी आशीर्वाद देंगे। उन्होंने विरासत को सनातन धर्म की पहचान बताया।

सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों की सरकारों में जनता के धन का दुरुपयोग किया जाता था। उनका आरोप था कि जनता का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर खर्च किया गया, जबकि लोधेश्वर महादेव मंदिर, अयोध्या और काशी जैसे धार्मिक स्थलों के विकास के लिए संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में कांवड़ यात्रा और रामनवमी जैसे धार्मिक आयोजनों को रोका जाता था और इसे धर्मनिरपेक्षता का नाम दिया जाता था।

उन्होंने कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले की सरकारों के समय “कट्टा और बम” की चर्चा होती थी, जबकि अब “ब्रह्मोस मिसाइल” देश की ताकत का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले एक कहावत प्रचलित थी- “देख सपाई, बेटी घबराई”, लेकिन अब बेटियां और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी उपद्रव करेगा, उसके लिए या तो जेल होगी या जहन्नुम।

जेपीएनआईसी, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोमती रिवर फ्रंट का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में लखनऊ की जेपीएनआईसी परियोजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस भवन का निर्माण 200 करोड़ रुपये में होना था, लेकिन 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी यह पूरा नहीं हो सका। उन्होंने दावा किया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का टेंडर समाजवादी पार्टी सरकार के समय 15,200 करोड़ रुपये का था, जबकि उनकी सरकार ने इसे 11,800 करोड़ रुपये में पूरा कराया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गोमती रिवर फ्रंट परियोजना पर 1,700 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद काम अधूरा रह गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह धन किसी परिवार का नहीं बल्कि जनता का है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसी धन को अब लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर जैसे विकास कार्यों की ओर मोड़ा है।

फोर लेन सड़क बनाने की भी घोषणा

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि इनसे जितनी नजदीकी होगी, खतरा उतना बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि लोधेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर के साथ फोर लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुनने की अपील करते हुए कहा कि इससे प्रदेश का भविष्य बेहतर होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कमल के फूल को लोधेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त हो गया है।

 

Check Also

CM विजय का बड़ा ऐलान, स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़कर 25 लाख, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी खुलेंगे

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े …