
यूपी डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और विपक्ष का विरोध प्रदर्शन अब उनके पैतृक घर आगरा तक पहुंच गया है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा की विजयनगर कॉलोनी स्थित ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान घर की दीवारों और गेट पर कालिख पोती गई और स्प्रे व पेंट से ‘वोट चोर’, ‘ज्ञानेश कुमार’ और ‘गद्दार’ जैसे शब्द लिखे गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
आगरा स्थित पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन
सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव के साथ पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार के विजयनगर स्थित पैतृक आवास पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान घर की दीवारों और गेट पर कालिख पोती गई और नारे लिखे गए।
प्रदर्शन में मुकेश धनगर, शाहबाज और उमेश शर्मा समेत कई कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। कांग्रेस की ओर से ज्ञानेश कुमार को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
कालिख पोते जाने की सूचना पर पुलिस पहुंची
मुख्य चुनाव आयुक्त के घर की दीवारों और गेट पर कालिख पोते जाने की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दीवारों तथा गेट पर लिखे गए नारों को मिटाने का काम शुरू किया।
कालिख पोतने और नारे लिखने वालों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
निर्वाचन आयोग के खिलाफ पहले भी प्रदर्शन
ज्ञानेश कुमार को लेकर सामने आई इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के बाद कांग्रेस ने देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किए हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर और उत्तर प्रदेश में निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन हो चुके हैं।
दो दिन पहले लखनऊ स्थित निर्वाचन कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी मौजूद रहे थे।
लखनऊ के बाद जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन का ऐलान
लखनऊ में निर्वाचन भवन के बाहर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने लखनऊ में हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया था।
उन्होंने कहा था कि अगले दिन उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, शहर अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से इसमें शामिल होने की अपील की थी।
Navyug Samachar