
नेशनल डेस्क: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 1 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले बालाघाट का दौरा करेंगे। इस दौरान वह पिछले कुछ महीनों में संदिग्ध संक्रामक बीमारियों के कारण जान गंवाने वाले 30 से अधिक बच्चों के परिवारों से मुलाकात करेंगे। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ के जरिए राहुल गांधी के बालाघाट दौरे की जानकारी दी।
जीतू पटवारी ने स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासन पर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार के शासन में प्रशासनिक लापरवाही और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा कि मध्य प्रदेश में गरीब और आदिवासी परिवारों को आखिर कब तक बुनियादी सुविधाओं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और विकास के अवसरों की कमी के बीच परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
पटवारी ने बच्चों की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वंचित और शोषित आदिवासी समुदाय के अधिकार, सम्मान और न्याय की आवाज उठाने के उद्देश्य से बालाघाट पहुंच रहे हैं।
बालाघाट में बच्चों की मौत के मामले पर हाई कोर्ट ने मांगा जवाब
बालाघाट में 30 से अधिक बच्चों की मौत के मामले में दायर जनहित याचिका पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की जबलपुर पीठ ने भी सुनवाई की है। अदालत ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया और न्यायमूर्ति प्रदीप मित्तल की खंडपीठ ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और बालाघाट कलेक्टर को नोटिस जारी किए हैं।
50 बेड के अस्पताल में करीब 400 बच्चों के इलाज का दावा
जनहित याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रभावित इलाकों में बच्चों को इलाज की पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। याचिका के मुताबिक, 50 बेड की क्षमता वाले अस्पताल में करीब 400 बच्चों का इलाज किया जा रहा है।
याचिका में यह भी दावा किया गया है कि प्रभावित क्षेत्रों के हैंडपंपों से पीला और दूषित पानी निकल रहा है। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों को कई महीनों से समय पर पौष्टिक आहार नहीं मिलने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी कुछ दिन पहले बालाघाट का दौरा किया था। उन्होंने आदिवासी बच्चों की मौत के मुद्दे को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे।
Navyug Samachar