Thursday , 13 August 2026

सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी को पड़ा हार्ट अटैक, अस्पताल में भर्ती; हाल जानने पहुंचे अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

यूपी डेस्क : समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी को शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है।

राजेंद्र चौधरी समाजवादी पार्टी के उन प्रमुख नेताओं में शामिल हैं जो दिवंगत मुलायम सिंह यादव के समय से पार्टी का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल बन गया।

अस्पताल पहुंचे अखिलेश यादव, डॉक्टरों से ली जानकारी

राजेंद्र चौधरी के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और उपचार की स्थिति का जायजा लिया।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने बताया कि डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें किसी अन्य अस्पताल में ले जाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति पर विचार किया जाएगा।

सपा नेताओं का अस्पताल पहुंचना जारी

राजेंद्र चौधरी के स्वास्थ्य को लेकर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी सिविल अस्पताल पहुंचे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रभावशाली पहचान रखने वाले चौधरी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी लिया हालचाल

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग का प्रभार संभाल रहे ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने बताया कि राजेंद्र चौधरी को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल लाया गया था। उनकी स्थिति को स्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं और वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है।

हृदय रोग विशेषज्ञों की टीम कर रही निगरानी

डिप्टी सीएम ने बताया कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के हृदय रोग विशेषज्ञों से भी परामर्श लिया गया है। इसके साथ ही संस्थान के विशेषज्ञ डॉक्टरों को सिविल अस्पताल बुलाकर उपचार प्रक्रिया की निगरानी कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि जैसे ही राजेंद्र चौधरी की स्थिति स्थानांतरण के लिए पूरी तरह स्थिर होगी, उन्हें विशेष उपचार के लिए लोहिया संस्थान भेजा जा सकता है।

 

Check Also

पश्चिमी यूपी में लंपी वायरस की दस्तक: सहारनपुर में सबसे ज्यादा 4,492 संक्रमित, UP के 10 जिलों में फैला संक्रमण, 4.70 लाख पशुओं का हुआ टीकाकरण

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में लंपी स्किन डिजीज (एलएसडी) का संक्रमण अभी 10 जिलों तक …