बिहार डेस्क: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। शुरुआती रुझानों में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा से आगे चल रहे हैं। हालांकि, अंतिम नतीजे सभी राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
सुबह 10 बजे तक दूसरे राउंड की मतगणना में प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा दूसरे स्थान पर हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
क्यों कराना पड़ा उपचुनाव?
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की नौबत तब आई, जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अप्रैल 2026 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इससे यह सीट रिक्त हो गई और उपचुनाव कराया गया।
नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन ने लगातार पांचवीं बार इस सीट पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था।
मतदान प्रतिशत में आई गिरावट
30 जुलाई को हुए मतदान में 34.30 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। यह आंकड़ा पिछले विधानसभा चुनाव के 41.45 प्रतिशत मतदान की तुलना में करीब 7 प्रतिशत कम रहा। इस उपचुनाव में कुल 26 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
प्रशांत किशोर का पहला चुनाव
राष्ट्रीय स्तर पर चुनावी रणनीतिकार के रूप में पहचान बना चुके प्रशांत किशोर के लिए यह पहला विधानसभा चुनाव है। जन सुराज पार्टी के गठन के बाद वह पहली बार खुद चुनावी मैदान में उतरे हैं।
वहीं भाजपा ने इस सीट से युवा मोर्चा से जुड़े नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है।
भाजपा के गढ़ में प्रतिष्ठा की लड़ाई
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है। वर्ष 1995 में जब यह सीट पटना पश्चिम के नाम से जानी जाती थी, तब से भाजपा यहां कोई विधानसभा चुनाव नहीं हारी है। ऐसे में यह उपचुनाव भाजपा के लिए अपनी परंपरागत सीट बचाने और प्रशांत किशोर के लिए अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता साबित करने की अहम परीक्षा माना जा रहा है।
Navyug Samachar
