
यूपी डेस्क : भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में प्रदेश के मौसम में बड़े बदलाव का संकेत दिया है। गुरुवार से 13 जून तक राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 47 जिलों के लिए आंधी-पानी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय तीन अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण और एक नए पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से मौसम तेजी से करवट लेने वाला है। इसके असर से कई क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बदलाव के बाद तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से पंजाब से पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणी रेखा बनी हुई है। निचले स्तर पर बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम पूर्वी हवाएं और मध्य क्षोभमंडल की शुष्क व ठंडी पश्चिमी हवाओं के टकराव से प्रदेश में आंधी और बारिश की परिस्थितियां बन रही हैं।
बांदा रहा सबसे गर्म, झांसी और प्रयागराज भी तपे
मौसम में बदलाव के संकेतों के बावजूद बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का असर बना रहा। बांदा 45.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। इसके बाद झांसी में 44.2 डिग्री, फुरसतगंज में 43.9 डिग्री, कानपुर वायुसेना केंद्र में 43.6 डिग्री और प्रयागराज में भी 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इसके अलावा उरई में 43.4 डिग्री, कानपुर नगर में 43.3 डिग्री और हमीरपुर में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और लू के कारण लोगों को दिनभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
13 जून तक आंधी और बारिश का दौर
भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश के उत्तरी तथा दक्षिणी हिस्सों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी भी दी है।
40 KMPH तक पहुंची लू की रफ्तार
बुधवार को कानपुर समेत कई जिलों में लू का असर बेहद तीव्र रहा। लू की रफ्तार कुछ स्थानों पर 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अधिकतम नमी 38 प्रतिशत और न्यूनतम नमी 20 प्रतिशत दर्ज की गई। नमी का स्तर कम होने से लू लगने का खतरा और बढ़ जाता है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ अजय मिश्रा के अनुसार 12 से 14 जून के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन उमस बढ़ने से लोगों को गर्मी से पूरी राहत मिलने की संभावना नहीं है।
Navyug Samachar