Saturday , 3 October 2026

BJP में आपका पसंदीदा नेता कौन? राहुल गांधी ने पहली बार लिया यह नाम, वजह बताकर सबको चौंकाया

नेशनल डेस्क: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पहली बार खुलकर बताया है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में उनका पसंदीदा नेता कौन है। इंस्टाग्राम पर आयोजित ‘आस्क मी एनीथिंग’ (AMA) सत्र के दौरान एक यूजर ने उनसे सवाल किया कि बीजेपी में उन्हें सबसे ज्यादा कौन-सा नेता पसंद है। इस पर राहुल गांधी ने बिना किसी हिचकिचाहट के कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया और इसके पीछे की वजह भी साझा की। उनका यह जवाब अब सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बना हुआ है।

इंस्टाग्राम सत्र में दिया सीधा जवाब

राहुल गांधी ने अपने जवाब के साथ एक वीडियो भी साझा किया। उन्होंने कहा, “कैप्टन अमरिंदर सिंह। मैंने उनके साथ लंबे समय तक काम किया है। वह बेहद कूल इंसान हैं और सैन्य इतिहास के बड़े जानकार हैं। इसलिए मैं उन्हें काफी पसंद करता हूं।” वीडियो के अंत में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “हेलो अंकल अमरिंदर…”

कांग्रेस छोड़ने के बाद बीजेपी में शामिल हुए थे अमरिंदर सिंह

कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह लंबे समय तक कांग्रेस का हिस्सा रहे, लेकिन वर्ष 2021 में पार्टी छोड़ दी। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया। इसके बाद 19 सितंबर 2022 को अपनी पार्टी का भारतीय जनता पार्टी में विलय कर दिया और आधिकारिक तौर पर बीजेपी में शामिल हो गए।

पंजाब चुनाव से पहले बयान के निकाले जा रहे अलग-अलग मायने

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राजनीतिक हलकों में उनके इस बयान को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि राहुल गांधी ने इसे पूरी तरह व्यक्तिगत पसंद बताते हुए कहा कि इसके पीछे उनके पुराने कार्य संबंध और व्यक्तिगत अनुभव हैं।

Gen-Z के सवालों का भी दिया जवाब

राहुल गांधी इन दिनों इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ सत्र के जरिए छात्रों और Gen-Z के सवालों का जवाब दे रहे हैं। इसी दौरान उनसे उनके पालतू जानवरों को लेकर भी सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर सभी जीव-जंतुओं को सम्मान के साथ जीने का अधिकार है। इस दौरान उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी के पालतू डॉग ‘नूरी’ का भी जिक्र किया और हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उसके साथ वीडियो बनाने पर उनकी मां नाराज हो सकती हैं, लेकिन “मैनेज कर लिया जाएगा।”

‘क्या आप बैटमैन हैं?’ सवाल पर दिया मजेदार जवाब

AMA सत्र के दौरान एक यूजर ने राहुल गांधी से मजाकिया अंदाज में पूछा कि “क्या आप बैटमैन हैं?” इस पर राहुल गांधी ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “बस इतना कह सकता हूं कि किसी ने मुझे और बैटमैन को एक साथ कभी नहीं देखा है।” उनका यह जवाब भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …